Hajipur News: नगर थाना क्षेत्र के अंजानपीर चौक स्थित अंडरपास के समीप मंगलवार की देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया. यहां लावारिस हालत में खड़ी एक कार अचानक आग की चपेट में आ गयी और पूरी तरह जलकर खाक हो गयी. घटना के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था. वाहन में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी.
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग कार के मालिक और आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है.
दो-तीन घंटे से लावारिस हालत में खड़ी थी कार
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदिग्ध कार पिछले दो-तीन घंटे से अंजानपीर अंडरपास के नीचे बिना चालक या सवार के खड़ी थी. मंगलवार की शाम करीब पांच बजे अचानक कार के बोनट और अगले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया.
देखते ही देखते धुआं तेज आग में बदल गया और वाहन से आग की लपटें उठने लगीं. अचानक हुई घटना से राहगीरों और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया. मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी.
स्थानीय निवासी मो. अफराज ने बताया कि कार काफी देर से लावारिस हालत में खड़ी थी. अचानक उसमें आग भड़क उठी, जिसके बाद तत्काल आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गयी.
दमकल विभाग की टीम ने समय रहते पाया काबू
स्थानीय लोगों ने नगर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही अग्निशमन पदाधिकारी विजेंद्र कुमार टीम के साथ दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे.
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया. समय रहते आग नियंत्रित होने के कारण यह आसपास के अन्य इलाकों और गुजर रहे वाहनों तक नहीं फैल सकी. इससे बड़ा हादसा टल गया.
कार मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
नगर थाना पुलिस कार के चेसिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कार वहां पिछले दो घंटे से लावारिस हालत में क्यों खड़ी थी.
आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके.
