Hajipur News : नगर निकाय मजदूरों की 30 जुलाई से जारी राज्यव्यापी हड़ताल के समर्थन में बुधवार को ट्रेड यूनियन ऐक्टू की जिला इकाई ने शहर में प्रतिवाद मार्च निकाला. कार्यकर्ताओं ने अक्षयवट राय स्टेडियम से मार्च की शुरुआत कर नगर निकाय कर्मियों की मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गांधी चौक तक मार्च किया, जहां नुक्कड़ सभा आयोजित की गई.
नेताओं ने हड़ताल को बताया जायज
सभा को संबोधित करते हुए ऐक्टू के राज्य सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जिला सहसचिव संगीता देवी, अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के जिला सचिव रामबाबू भगत, पवन कुमार सिंह, फुटपाथ दुकानदार संघ के उपाध्यक्ष चंदेश्वर सिंह, सचिव प्रभु दयाल सिंह, मनीष कुमार, औद्योगिक मजदूर यूनियन के नेता बृजकिशोर राय, निर्माण मजदूर यूनियन के नेता सुरेंद्र सिंह तथा भजन पंडित ने नगर निकाय कर्मियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए सरकार से उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की.
नियमितीकरण और आउटसोर्सिंग खत्म करने की मांग
वक्ताओं ने कहा कि दैनिक वेतनभोगी निकाय कर्मियों की सेवा नियमित करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर कर्मियों का समायोजन करने तथा एसीपी और एमएसीपी पर लगी रोक हटाने की मांग को लेकर बिहार के नगर निकाय कर्मी 30 जुलाई से हड़ताल पर हैं. उनका आरोप था कि सरकार उनकी जायज मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ही नगर निकाय कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के मजदूर संगठन भी आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरेंगे.
इसे भी पढ़ें : महुआ पुलिस ने देशी शराब लदी पिकअप वैन जब्त की, भाग निकला चालक और धंधेबाज
