कटेया. कटेया थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी किये जाने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़ित व्यक्ति की पत्नी द्वारा भोरे थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के खिलाफ कटेया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कटेया थाना क्षेत्र के मलपुरा गांव निवासी राजेश मिश्र को विदेश भेजने का झांसा दिया गया. इसके एवज में भोरे थाना क्षेत्र के जिगना पंडित गांव निवासी दिलीप मिश्र के खाते में दो किस्तों में एक लाख रुपये ट्रांसफर किये गये, जबकि एक लाख नकद दिये गये. आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद आरोपित युवक को विदेश भेजने के नाम पर लगातार टालता रहा. न तो वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही विदेश भेजने की कोई ठोस प्रक्रिया पूरी की गयी. पीड़िता का आरोप है कि पांच जनवरी को जब उसका पति रुपये वापस मांगने दिलीप मिश्र के पास गया, तो आरोपित और उसके परिजनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथापाई की. मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
