Gopalganj News : बैकुंठपुर बामो पंचायत में मंगलवार को जीविका की प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई बैकुंठपुर के तहत गांधी जीविका महिला स्वालंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा आयोजित की गयी. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम), बीस सूत्री अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
समिति की गतिविधियों और उपलब्धियों की हुई समीक्षा
सभा को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक ने पिछले एक वर्ष के दौरान समिति की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से महिलाओं को अपनी आजीविका के नये अवसर मिल रहे हैं. इससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं.
महिला सशक्तिकरण में समिति की भूमिका पर जोर
बीस सूत्री अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख ने कहा कि गांधी जीविका महिला स्वालंबी सहकारी समिति ग्रामीण स्तर पर महिला सशक्तिकरण और गरीबी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. उन्होंने जीविका दीदियों को स्थानीय प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
जीविका दीदियों ने साझा किये अनुभव
वार्षिक आम सभा में समिति से जुड़े स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की जीविका दीदियां, जीविका कैडर और बीपीआईयू बैकुंठपुर के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किये.
दीदियों ने बताया कि जीविका के माध्यम से मिले प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और सामूहिक कार्य प्रणाली से उनकी आजीविका को मजबूती मिली है. इसके साथ ही आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है.
आजीविका संवर्धन और आगामी योजनाओं पर चर्चा
सभा में समिति के संगठन को और मजबूत बनाने, आजीविका संवर्धन तथा आने वाले समय की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. सदस्यों ने समिति की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और अधिक महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श किया.
अंत में समिति की अध्यक्ष ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया. इसके साथ ही वार्षिक आम सभा का समापन हुआ.
