पुलिस के चालान से नहीं, मौत के खतरे से डरें! गोपालगंज में स्वतंत्रता दिवस पर चला अनोखा अभियान; बाइकर्स को बांटे गए हेलमेट

गोपालगंज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित किया गया.

Gopalganj News: गोपालगंज में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर शनिवार को शहर के अंबेडकर चौक स्थित अंबेडकर भवन के समीप एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्य उपयोगिता और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के प्रति जागरूक किया गया. अभियान के दौरान बाइक चालकों को यह कड़ा संदेश दिया गया कि हेलमेट केवल पुलिस की चालानी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर की जानलेवा चोट से बचने और अनमोल जिंदगी की रक्षा के लिए पहनें.

बाइक चालकों को हेलमेट देकर किया प्रेरित

अभियान के दौरान अंबेडकर चौक से बिना हेलमेट या लापरवाही से गुजर रहे बाइक सवारों को रोककर सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए प्रेरित किया गया. इस दौरान कई जरूरतमंद चालकों को मौके पर ही नए हेलमेट भी प्रदान किए गए. अभियान के माध्यम से अपील की गई कि बाइक चलाते समय हमेशा मानक (ISI मार्का) हेलमेट लगाएं, तेज रफ्तार से परहेज करें और ट्रैफिक नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें. साथ ही चालकों से यह भी आग्रह किया गया कि वे अपने घर-परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाएं.

आपकी एक छोटी-सी लापरवाही पूरे परिवार पर भारी

जागरूकता अभियान के दौरान आयोजकों ने कहा कि सड़क पर की गई क्षणिक लापरवाही कई बार पूरे परिवार को ताउम्र के दर्द में धकेल देती है. अनियंत्रित गति, बिना हेलमेट बाइक चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी ही अधिकतर जानलेवा हादसों की मुख्य वजह बनती है. ऐसे में सुरक्षित वाहन चलाना न केवल स्वयं के जीवन के लिए आवश्यक है, बल्कि यह अपने परिवार और समाज के प्रति भी एक बड़ी जिम्मेदारी है.

हेलमेट मैन सवारी से यातायात नियमों के लिए जागरूक करते | Prabhat Khabar Network

'सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन' का दिलाया संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चले इस अभियान के जरिए नागरिकों को 'सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन' का संकल्प दिलाया गया. वाहन चालकों को संदेश दिया गया कि "हेलमेट पहनें, तेज रफ्तार से बचें और सुरक्षित घर पहुंचें", क्योंकि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है.

अभियान में इनकी रही सक्रिय भूमिका

इस सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सर्वेश दुबे, रवि मोदनवाल, तनवीर अहमद, पंकज मिश्रा, नौशाद अहमद, सद्दाम हुसैन, अंश दुबे और राकेश चौहान समेत कई गणमान्य नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सक्रिय भूमिका निभाई.

Also Read: गोपालगंज: उचकागांव में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, प्रखंड प्रमुख समेत जनप्रतिनिधियों ने किया झंडोत्तोलन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >