Chaukidar Parade: उचकागांव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना परिसर में विशेष चौकीदार परेड का आयोजन किया गया. इसी कड़ी में उचकागांव थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में उचकागांव थाना परिसर में चौकीदार परेड आयोजित की गयी. इस दौरान ग्रामीण स्तर पर कानून व्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय गुप्तचर तंत्र को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर चौकीदारों को आवश्यक निर्देश दिये गये.
क्षेत्र की गतिविधियों की हुई समीक्षा
परेड के दौरान क्षेत्र में होने वाली विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गयी. थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया. विशेष रूप से संदिग्ध गतिविधियों, असामाजिक तत्वों और हाल ही में जेल से छूटे पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया.
शराब तस्करी और अवैध निर्माण पर रोक के निर्देश
क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से शराब तस्करी और अवैध शराब निर्माण पर प्रभावी रोक लगाने के भी सख्त निर्देश दिये गये. थानाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत कर ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है.
उन्होंने चौकीदारों को गांव-गांव में लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर हर छोटी-बड़ी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का निर्देश दिया. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को अवगत कराने को कहा गया.
