गोपालगंज के उचकागांव पंचायत समिति बैठक में जलजमाव, अतिक्रमण और नल-जल योजना के मुद्दों पर हुई चर्चा

गोपालगंज के उचकागांव प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक में जलजमाव, सड़क अतिक्रमण, बिजली की समस्या और यूरिया की कालाबाजारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए. विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े मसलों पर अधिकारियों को निर्देश दिए गए.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना मंडप में गुरुवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख विश्वजीत यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक में बीडीओ मनोज कुमार पंडित ने ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के नए सत्र की प्रक्रिया और नियमों की जानकारी दी. उन्होंने पंचायत समिति सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र की प्राथमिकता वाली योजनाओं का चयन कर उनकी सूची 36 घंटे के भीतर प्रखंड कार्यालय में उपलब्ध कराने का अनुरोध किया.

जमसड़-थावे मार्ग पर जलजमाव का मुद्दा छाया

बैठक के दौरान लुहसी पंचायत के बीडीसी शाह आलम ने जमसड़-थावे मुख्य सड़क पर त्रिलोकपुर से लुहसी तक हर वर्ष होने वाले जलजमाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से सड़क किनारे मिट्टी भरकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे वर्ष के करीब छह माह तक सड़क पर जलजमाव बना रहता है और राहगीरों को भारी परेशानी होती है.

मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने राजस्व अधिकारी को जांच कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया.

सड़क अतिक्रमण हटाने की मांग

बंकीखाल पंचायत के बीडीसी अजीत कुमार राम ने लुहसी-मीरगंज मुख्य सड़क पर बंकीखाल में सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण का मुद्दा उठाया. उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले न्यायालय से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी हो चुका है, लेकिन अब तक अंचल प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है.

नीचे लटके बिजली तारों से हादसे की आशंका

सदस्यों ने जमसड़ और लुहसी गांव के मुख्य मार्ग पर नीचे लटक रहे बिजली के तारों का मुद्दा भी उठाया और विद्युत विभाग से जल्द इन्हें दुरुस्त कराने की मांग की.

आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन नहीं

सीडीपीओ शिवम कुमार सिंह ने बताया कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली विभाग ने मीटर तो लगा दिए हैं, लेकिन अब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है. उन्होंने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की.

इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर

यूरिया की कालाबाजारी का आरोप

नवादा परसौनी पंचायत के मुखिया अकलू यादव ने आरोप लगाया कि बाजार में किसानों को निर्धारित 266 रुपये के बजाय करीब 450 रुपये में यूरिया बेचा जा रहा है. उन्होंने इसकी जांच कर कार्रवाई की मांग की.

नल-जल योजना और सिंचाई व्यवस्था पर भी उठे सवाल

बैठक में बंकीखाल वार्ड संख्या दो में दो वर्ष पहले पानी की टंकी बनने के बावजूद अब तक पाइपलाइन नहीं बिछाए जाने का मुद्दा उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि लोगों को आज तक नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पाया है.

इसके अलावा लाइन बाजार से झीरवां की ओर जाने वाली गंडक नहर में कई वर्षों से सिंचाई के लिए पानी नहीं आने तथा भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्या भी सदन में उठाई गई.

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में उप प्रमुख कृष्णा सिंह, मनरेगा पीओ हंशनाथ साह, बीएओ गौरव कुमार वरुण, बीईओ प्रेम हलधर, राजस्व अधिकारी अनमोल त्रिपाठी, बीडीसी प्रतिनिधि बशीर मियां, विशेश्वर सिंह, वीरेंद्र यादव, भरत गुप्ता, डॉ. खाबर इमाम, मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

इसे भी पढ़ें:  बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रशांत पाठक

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >