गोपालगंज: उचकागांव बीस सूत्री बैठक में योजनाओं की समीक्षा, कई विभागों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

गोपालगंज के उचकागांव में हुई बीस सूत्री समिति की बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई. जीविका समूहों के कामकाज, गैस एजेंसी पर अवैध वसूली, स्कूल शुल्क और बिजली व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सदस्यों ने सवाल उठाए.

Gopalganj News: उचकागांव प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना मंडप में शुक्रवार को प्रखंड बीस सूत्री समिति की बैठक अध्यक्ष दीपक कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई.

अध्यक्ष ने कहा कि बीस सूत्री समिति का मुख्य उद्देश्य सरकार की करीब 50 जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की निगरानी करना है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी विभाग की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उन्होंने समिति के सदस्यों और अधिकारियों को समस्याओं तथा उनके जवाब लिखित रूप में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

जीविका समूह के कामकाज पर उठे सवाल

बैठक में उपाध्यक्ष सुविकास सिंह ने प्रखंड में जीविका समूहों के कामकाज पर सवाल उठाए.

उन्होंने कहा कि जीविका समूह सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं कर रहे हैं और कई जगहों पर यह केवल ऋण वितरण और वसूली तक सीमित रह गए हैं.

उन्होंने प्रत्येक पंचायत में एक मॉडल जीविकोपार्जन समूह के गठन और बेहतर संचालन की मांग की, ताकि महिलाओं को रोजगार और आय के बेहतर अवसर मिल सकें.

इंडेन गैस एजेंसी पर अवैध वसूली का आरोप

बैठक में सदस्य नितेश कुमार ने उचकागांव इंडेन गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए.

उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी के नाम पर उपभोक्ताओं से 30 से 50 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में घर-घर सिलिंडर पहुंचाने के बजाय एजेंसी द्वारा एक निर्धारित स्थान पर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है.

सदस्य ने बताया कि इस मामले में एमओ तब्बू खातून से कई बार शिकायत की जा चुकी है.

स्कूल शुल्क और बिजली व्यवस्था का मामला उठा

बैठक में सदस्य कुंदन तिवारी ने उचकागांव माध्यमिक सह इंटर कॉलेज में कक्षा नौ और दस के छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि छात्रों से निर्धारित 320 रुपये के स्थान पर 420 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया जा रहा है.

वहीं सदस्य पिंकू श्रीवास्तव ने जमसड़ी गांव के चंवर में कृषि सिंचाई के लिए लगाए गए बिजली तार चोरी होने के बाद अब तक नया तार नहीं लगाए जाने का मुद्दा उठाया.

उन्होंने किसानों की समस्या को देखते हुए जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की मांग की.

अधिकारियों ने रखा अपना पक्ष

बैठक में प्रभारी बीडीओ सुमित कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक मनोज कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खाबर इमाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संबंधित मुद्दों पर अपना पक्ष रखा.

बैठक में रामेश्वर सिंह, विकास पासवान, मुरारी सिंह, चंदन दूबे सहित बीस सूत्री समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में कई IAS अधिकारियों के विभाग बदले, धर्मेंद्र कुमार-दिवेश सेहरा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यहां देखें किसे क्या मिला



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prashant pathak

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >