Gopalganj Thawe Temple in Sawan : बिहार के प्रमुख शक्तिपीठ गोपालगंज स्थित थावे में मां सिंहासनी के दरबार में मथा टेकने और महादेव को जल अर्पित करने के लिए कांवरियों का तांता लगने लगा है. सावन के पवित्र महीने को लेकर पूरे इलाके का माहौल भगवामय हो गया है. नेपाल, उत्तर प्रदेश, सीवान और गोपालगंज समेत दूर-दराज से रोजाना हजारों की संख्या में भक्त यहां पहुंच रहे हैं. श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ को सुव्यवस्थित रखने के लिए जिला प्रशासन और थावे न्यास समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं.
रोजाना 25 हजार से अधिक कांवरियों की पहुंचती है भीड़
सावन मास के दौरान थावे मंदिर में कांवरियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है. भक्त मां को चुनरी, नारियल, पान, सुपारी और लौंग का प्रसाद अर्पित करने के बाद भगवान शिव के दर्शन के लिए निकलते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सावन के दिनों में यहां प्रतिदिन औसतन 25 हजार कांवरियों की भीड़ उमड़ती है, जिसे नियंत्रित करने और सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.
स्टील की बैरिकेडिंग और कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था
न्यास समिति के प्रबंधक अमरेंद्र दुबे ने जानकारी दी है कि इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अनुशासन को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में मजबूत स्टील की बैरिकेडिंग कराई गई है. इसके जरिए भक्त कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से माता के दर्शन कर सकेंगे, जिससे भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनेगी.
किसान भवन में ठहरने और पेयजल के पुख्ता इंतजाम
दूर-दराज के इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष ध्यान रखा गया है. कांवरियों के ठहरने के लिए किसान भवन में विशेष प्रबंध किए गए हैं. इसके अलावा मंदिर परिसर के आसपास कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल, अतिरिक्त शौचालय और स्नानघर की भी समुचित व्यवस्था की गई है.
स्वच्छता और सुरक्षा पर विशेष जोर
स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि मंदिर परिसर में हमेशा साफ-सफाई बनी रहे. मंदिर के प्रधान पुजारी संजय पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराने के लिए सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी पूरी तरह सुदृढ़ किया गया है.
Also Read : गोपालगंज के मीरगंज में सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर चकनाचूर हुआ कंटेनर, उप चालक घायल
