गोपालगंज के रोहन गुप्ता की दुबई में मौत, पिता बोले- दुकान चलाकर बेटे को बनाया था मरीन इंजीनियर

Gopalganj News: गोपालगंज के थावे के एक पिता की कहानी जिसने संघर्ष करके अपने बेटे को मरीन इंजीनियर बनाया. दुबई में हुई बेटे की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.

Gopalganj News: थावे प्रखंड के विदेशी टोला गांव निवासी व्यवसायी संजय प्रसाद गुप्ता के पुत्र रोहन कुमार गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता की दुबई में हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. बेटे की असामयिक मौत के बाद संजय प्रसाद गुप्ता ने अपने संघर्ष और बेटे की सफलता की कहानी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने थावे बाजार में जूता-चप्पल और जनरल स्टोर की दुकान चलाकर बेटे को पढ़ाया-लिखाया और मरीन इंजीनियर बनाया था.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में रोहन का नामांकन कोलकाता के एक मरीन इंजीनियरिंग कॉलेज में कराया गया था. वर्ष 2020 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसका कैंपस प्लेसमेंट हो गया. नौकरी मिलने के बाद वह सबसे पहले चीन गया और इसके बाद कई खाड़ी देशों में शिप इंजीनियर के रूप में अपनी सेवाएं दीं.

दुबई की शिपिंग कंपनी में थे कार्यरत

संजय प्रसाद गुप्ता ने बताया कि बाद में रोहन दुबई स्थित अलबयाह एडन कंपनी में शिप पर इंजीनियर के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत था. परिवार को उम्मीद थी कि रोहन अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ पूरे परिवार का सहारा बनेगा, लेकिन उसकी असामयिक मौत ने सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया.

पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

उन्होंने कहा कि बेटे की मौत की खबर मिलते ही पूरा परिवार सदमे में आ गया. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रिश्तेदार, शुभचिंतक और स्थानीय लोग लगातार उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं तथा परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं.

दूसरे दिन भी बंद रहीं दुकानें

घटना के दूसरे दिन भी शोक के कारण थावे बाजार स्थित संजय प्रसाद गुप्ता की जनरल स्टोर और जूता-चप्पल की दुकान बंद रहीं. बाजार के लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. परिजन अब रोहन के शव के जल्द भारत लाए जाने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके.

इसे भी पढ़ें: बिहार को मिलने जा रही एक और शानदार फोरलेन सड़क, बदल जाएगी इन 3 जिलों की सूरत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoranjan upadhyay

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >