Gopalganj News: थावे प्रखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सोमवार की सुबह 10 बजे से शुरू हुई बिजली कटौती की समस्या मंगलवार की देर शाम तक जारी रही. करीब 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रहने के कारण सैकड़ों उपभोक्ता गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए.
बताया जाता है कि विदेशी टोला, गजाधर टोला समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही. बिजली नहीं रहने से लोगों को सबसे अधिक परेशानी पीने के पानी को लेकर हुई. रातभर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे.
शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप
ग्रामीणों ने बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समय पर समाधान नहीं किया जाता है. गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी.
केबल जलने से बाधित हुई बिजली आपूर्ति
वहीं, बिजली कंपनी के स्थानीय कर्मियों ने बताया कि केबल जलने के कारण विदेशी टोला गांव के करीब दो सौ उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है.
कनीय अभियंता (जेई) अविनाश कुमार ने बताया कि केबल उपलब्ध नहीं रहने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में परेशानी आ रही है. उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है.
समाचार लिखे जाने तक थावे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित थी.
