Teacher Award: शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर और नवाचारपूर्ण कार्य करने वाले जिले के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा. शिक्षा विभाग की ओर से पांच सितंबर को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 का आयोजन किया जायेगा. इसके लिए योग्य और इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये गये हैं. रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि एक सितंबर निर्धारित की गयी है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले के सभी शिक्षक, प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया गया है. विभाग ने सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों से शिक्षक सम्मान के लिए अपना नामांकन कराने की अपील की है.
ऑनलाइन गूगल फॉर्म से होगा रजिस्ट्रेशन.
शिक्षा विभाग के अनुसार, शिक्षक सम्मान के लिए रजिस्ट्रेशन पूरी तरह ऑनलाइन होगा. इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं को गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना आवेदन करना होगा. आवेदन के दौरान उन्हें अपने उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों से संबंधित सत्यापन योग्य प्रमाण भी उपलब्ध कराने होंगे. विभाग की ओर से दिये गये विवरण और प्रमाणों का आवश्यकता पड़ने पर संबंधित स्तर से सत्यापन कराया जा सकेगा.
विभाग ने बताया कि चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रमाण आधारित रखा जायेगा. शिक्षण के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई, विद्यार्थियों की उपलब्धि, डिजिटल और एआई आधारित शिक्षण, शिक्षण-अधिगम सामग्री के बेहतर उपयोग, विद्यालय विकास तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को प्राथमिकता मिल सकती है.
प्रधानाध्यापक शिक्षकों तक पहुंचायें सूचना.
डीईओ ने सभी प्रधानाध्यापकों और प्रधान शिक्षकों को निर्देश दिया है कि शिक्षक सम्मान से संबंधित सूचना विद्यालय के प्रत्येक शिक्षक तक पहुंचायी जाये. साथ ही योग्य और इच्छुक शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रेरित किया जाये.
बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को मिलेगा सम्मान.
शिक्षा विभाग का मानना है कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक हैं. इसी सोच के तहत शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित करने की पहल की जा रही है.
प्रोटेस्ट की लाइव कवरेज यहां क्लिक कर पढ़ें : PhD होल्डर्स के प्रदर्शन के बाद दारोगा अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे
