Gopalganj Weather Update : बिहार के गोपालगंज जिले में मौसम का रुख इन दिनों काफी तल्खी भरा बना हुआ है. भले ही आसमान में धूप और छांव का मेल देखने को मिल रहा हो, लेकिन धूप निकलने के बाद उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़वा रही है. पंखे, कूलर और एसी बंद होते ही लोग बेचैनी महसूस करने लगे हैं.
उमस ने बढ़ाई शहरवासियों की मुश्किलें
सोमवार की सुबह वातावरण में नमी का असर कुछ कम जरूर था, और आसमान में हल्के बादल भी छाए हुए थे. लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, बादल गायब हो गए और तेज धूप ने लोगों को बेचैन कर दिया. धूप और उमस के इस मेल ने गर्मी के अहसास को और ज्यादा बढ़ा दिया है.
दिन का पारा सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक दर्ज
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान गोपालगंज में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा.
आर्द्रता में कमी और बादलों की दूरी
तापमान बढ़ने के साथ ही आर्द्रता (Humidity) घटकर न्यूनतम 63% और अधिकतम 68% तक आ गई है. हवा में नमी कम होने और पूर्वांचल से बादलों की दूरी बन जाने के कारण उमस का असर ज्यादा महसूस हो रहा है. जो बादल आ भी रहे हैं, वे फिलहाल उतने प्रभावी साबित नहीं हो रहे हैं.
पांच दिनों के लिए हल्की बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गोपालगंज जिले के लिए अगले पांच दिनों का येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, हालांकि यह स्थिति अभी स्थायी नहीं होगी.
आने वाले दिनों में और सघन होंगे बादल
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों के बाद बादलों की सक्रियता और सघनता में इजाफा होगा, जिससे लोगों को मौसमी बदलाव का अहसास होगा. लोकल हीटिंग के कारण बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना भी जताई गई है.
Also Read : गोपालगंज में पुलिस का एक्शन, 324 प्रदर्शनकारियों की पहचान के लिए आमजन से मांगी मदद, नंबर जारी
