Gopalganj News: श्रीपुर थाना क्षेत्र के सवनही पट्टी बाजार में सोमवार की रात बेखौफ चोरों ने एक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर 33 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट मशीन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए. घटना के विरोध में मंगलवार को स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
दो CSP केंद्रों का ताला तोड़ा, एक में चोरी नहीं कर सके
जानकारी के अनुसार, बाजार में विनोद सिंह और दीनबंधु पांडेय अलग-अलग बैंकों के ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं. सोमवार शाम दोनों अपने-अपने केंद्र बंद कर घर चले गए थे. मंगलवार सुबह जब वे बाजार पहुंचे तो दोनों केंद्रों के शटर का ताला टूटा मिला.
दीनबंधु पांडेय के सीएसपी का केवल ताला टूटा था, लेकिन वहां से कोई सामान चोरी नहीं हुआ. वहीं विनोद सिंह के बिहार ग्रामीण बैंक CSP को चोरों ने पूरी तरह खंगाल दिया.
नकदी, लैपटॉप और फिंगरप्रिंट मशीन ले उड़े चोर
चोरों ने सीएसपी केंद्र से 33 हजार रुपये नकद, एक कीमती लैपटॉप, फिंगरप्रिंट मशीन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए. चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए.
तीन साल पहले भी हुई थी लूट
व्यापारियों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले भी सीएसपी संचालक दीनबंधु पांडेय से हथियार के बल पर लूट की बड़ी घटना हुई थी. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से बाजार के व्यवसायियों में भय का माहौल है.
पुलिस टीओपी खोलने की मांग
घटना से आक्रोशित व्यापारियों और ग्रामीणों ने बाजार में प्रदर्शन कर प्रशासन से सवनही पट्टी बाजार में स्थायी पुलिस टीओपी खोलने की मांग की. उनका कहना है कि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए बिना इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना संभव नहीं है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है.
Also Read: बिहार के कलाकारों की चमकेगी किस्मत, अब मुंबई से ही होंगे बुक, घर बैठे फिल्म में मिलेगा काम
