school safety program : बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बच्चों को सड़क एवं रेल दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी गयी. विद्यालयों के फोकल शिक्षकों एवं बाल प्रेरकों ने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ दुर्घटना की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया. शिक्षकों ने कहा कि सड़क पर हमेशा बाईं ओर चलना चाहिए और फुटपाथ होने पर उसका इस्तेमाल करना चाहिए. सड़क पार करने से पहले दाएं-बाएं और फिर दाएं देखकर ही आगे बढ़ना चाहिए. जेब्रा क्रॉसिंग, फुटओवर ब्रिज या सबवे का उपयोग करने की सलाह दी गयी.
बिना हेलमेट पहनें नहीं चलाएं दोपहिया वाहन
दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करने को कहा गया। ट्रैफिक सिग्नल के लाल, पीले और हरे संकेतों की जानकारी भी बच्चों को दी गयी. बच्चों को सड़क पर दौड़ते या खेलते हुए पार नहीं करने, चलते वाहन से हाथ, सिर या शरीर बाहर नहीं निकालने और वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गयी. वहीं, कान में ईयरफोन लगाकर सड़क पर चलने तथा चलती बस, ऑटो या ट्रेन में चढ़ने-उतरने से भी बचने को कहा गया.
रेल हादसे से बचने की दी गयी जानकारी
रेल दुर्घटना से बचाव के लिए बच्चों को प्लेटफॉर्म के सुरक्षित हिस्से में रहने, ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ने-उतरने तथा रेलवे क्रॉसिंग पर लाल बत्ती, सायरन और फाटक के संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गयी। बंद फाटक पार नहीं करने और रेलवे ट्रैक पर चलने या खेलने से बचने की सलाह दी गयी. दुर्घटना होने पर घबराने के बजाय पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने, शिक्षक या किसी बड़े व्यक्ति को सूचना देने तथा जरूरत पड़ने पर 112 पर संपर्क करने को कहा गया. घायल व्यक्ति को अनावश्यक रूप से उठाने या खींचने से बचने की भी जानकारी दी गयी.अंत में बच्चों ने “सड़क पर सावधानी, रेल पर समझदारी, सुरक्षित रहें हम, यही है जिम्मेदारी” का नारा लगाया.
