वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी पर 20 हजार तक का इनाम, गोपालगंज पुलिस ने जारी की सूची

Gopalganj News : गोपालगंज पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामानों की बरामदगी के लिए सूचना देने वालों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है. पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

Gopalganj News : जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गोपालगंज पुलिस ने विशेष पहल की है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर मामलों के फरार आरोपितों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए कीमती सामानों की बरामदगी के लिए सूचना देने वाले लोगों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है.

सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि सटीक और विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. सूचना के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी या चोरी गए सामान की बरामदगी होने पर नियमानुसार घोषित पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.

इन वांछित आरोपितों पर घोषित किया गया इनाम

गोपालगंज पुलिस ने तीन फरार आरोपितों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया है.

  • अभिषेक कुमार उर्फ टमाटर पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. वह मोहम्मदपुर थाना के लूट और डकैती मामले में वांछित है.
  • मुकेश महतो पर 10 हजार रुपये का इनाम रखा गया है. वह भोरे थाना में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित है.
  • राकेश राय पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. वह जादोपुर थाना में दर्ज शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में फरार है.

चोरी गए आभूषणों की बरामदगी पर भी मिलेगा पुरस्कार

पुलिस ने चोरी गए कीमती आभूषणों की बरामदगी या उनसे संबंधित सटीक सूचना देने पर भी पुरस्कार की घोषणा की है. मोहम्मदपुर थाना कांड संख्या 109/26 (18 मार्च 2026) में चोरी हुई लगभग 24 ग्राम सोने की चेन की बरामदगी या उससे संबंधित सूचना देने पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा. वहीं, कटेया थाना कांड संख्या 88/26 (14 फरवरी 2026) में चोरी हुए लगभग तीन किलोग्राम चांदी और 15 ग्राम सोने के आभूषणों की बरामदगी अथवा संबंधित आरोपित की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाली सूचना पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.

पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग

गोपालगंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इन वांछित आरोपितों या चोरी गए सामान के संबंध में कोई विश्वसनीय सूचना हो तो तत्काल अपने निकटतम थाना या गोपालगंज पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सूचना सही पाए जाने पर नियमानुसार पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suresh rai

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >