Gopalganj Science Exhibition : गोपालगंज के जादोपुर बाजार स्थित रिलायबल वर्ल्ड स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी एवं अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया. विद्यार्थियों द्वारा तैयार 16 वैज्ञानिक मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. कार्यक्रम में शिक्षा, विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया तथा अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक प्रतिभा की सराहना की.
रिलायबल वर्ल्ड स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
जादोपुर बाजार स्थित रिलायबल वर्ल्ड स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी और अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षाविद, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा तैयार वैज्ञानिक मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे.
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक अमृतेश कुमार, एफएसएल वैज्ञानिक प्रणव कुमार राय तथा सब इंस्पेक्टर सौरव सुमन ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर बीबीसी स्कूल, थावे के निदेशक बृजेश सिंह, मनोज प्रसाद पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
विद्यालय ने वैज्ञानिक सोच को बताया समय की जरूरत
विद्यालय के निदेशक ब्रजेश राय और प्रधानाचार्य इंजीनियर अरुण कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
16 वैज्ञानिक मॉडलों ने खींचा सभी का ध्यान
प्रदर्शनी में इलेक्ट्रो मैग्नेटिक रोबोट, वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, वाटर डिस्पेंसर मशीन, डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम, स्मार्ट क्रॉप शील्ड, मेघ-कवच, द चेंजिंग इंडिया, त्रिशूल ऑटोनॉमस मिसाइल सिस्टम, एयर प्यूरीफायर, ग्रीन हाउस प्रोजेक्ट, वायरलेस काइनेटिक रोवर, रिलायबल एक्सप्रेस ट्रेन, ऑटोमैटिक स्मार्ट साइकिल, आरडब्ल्यूएस जेट प्लेन और एयर ड्रोन (हेलीकॉप्टर मॉडल) सहित कुल 16 मॉडल प्रदर्शित किए गए. इनमें ड्रोन, जेट प्लेन, स्मार्ट साइकिल और रिलायबल एक्सप्रेस ट्रेन को सबसे अधिक सराहना मिली.
शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने तैयार किए मॉडल
इन वैज्ञानिक मॉडलों का निर्माण विज्ञान परियोजना प्रमुख इंजीनियर दयानंद साह के मार्गदर्शन और सह-समन्वयक इंजीनियर राहुल मिश्रा के सहयोग से विद्यार्थियों ने किया. अतिथियों ने दोनों शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को मजबूत करती हैं.
मुख्य अतिथि बोले- यहीं से तैयार होंगे भविष्य के वैज्ञानिक
मुख्य अतिथि अमृतेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने जिस स्तर की वैज्ञानिक समझ और रचनात्मकता का परिचय दिया है, वह बेहद उत्साहजनक है. उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालय विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और यहीं से भविष्य के इंजीनियर, वैज्ञानिक और नवप्रवर्तक तैयार होंगे.
विज्ञान प्रदर्शनी से बढ़ता है तार्किक चिंतन
एफएसएल वैज्ञानिक प्रणव कुमार राय ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में अनुसंधान, तार्किक चिंतन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है. वहीं सब इंस्पेक्टर सौरव सुमन ने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत को सफलता का आधार बनाने तथा विज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने की अपील की.
Also Read : गोपालगंज इंजीनियरिंग कॉलेज में गूंजा 'नशा मुक्त भारत' का संकल्प, छात्रों ने देखा PM का लाइव संबोधन
