खाकी का कहर: बथुआ बाजार में मिठाई व्यवसायी को QRT जवानों ने बंदूक के कुंदे से पीटा, हालत गंभीर, रेफर

Gopalganj News : गोपालगंज के बथुआ बाजार में क्यूआरटी जवानों पर एक मिठाई व्यवसायी को बंदूक के कुंदे से पीटने का गंभीर आरोप लगा है. व्यवसायी को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में रेफर किया गया है. इस घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है.

Gopalganj News : फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार में शुक्रवार की सुबह पुलिसकर्मियों पर एक मिठाई व्यवसायी के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) के जवानों ने बंदूक के कुंदे से हमला कर व्यवसायी का सिर फोड़ दिया. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को डायल-112 की टीम की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घायल की पहचान बथुआ बाजार निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है और बाजार में तनाव का माहौल बना हुआ है.

युवक की जांच को लेकर हुई कहासुनी, मारपीट का आरोप

जानकारी के अनुसार, क्यूआरटी के जवान बथुआ बाजार में एक युवक को शराब के नशे के संदेह में पकड़कर जांच कर रहे थे. इसी दौरान मौके पर पहुंचे मिठाई व्यवसायी मनीष कुमार ने जवानों से कथित तौर पर युवक की सही तरीके से जांच करने के बाद ही कार्रवाई करने की बात कही. आरोप है कि इस बात से नाराज होकर अपाचे बाइक पर सवार दो वर्दीधारी जवान और उनके साथ मौजूद सिविल ड्रेस में एक अन्य जवान ने व्यवसायी के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि बंदूक के कुंदे से किए गए हमले में मनीष कुमार का सिर फट गया और उनकी नाक से भी अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा.

ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं

घायल मनीष कुमार का आरोप है कि जवानों ने उन पर भी शराब पीने का आरोप लगाया, लेकिन बाद में ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि नहीं हुई.

व्यापारियों ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही बथुआ बाजार के बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया. व्यापारियों का कहना है कि बिना किसी अपराध के एक दुकानदार के साथ इस तरह की मारपीट गंभीर मामला है. उन्होंने आरोपित जवानों के खिलाफ तत्काल निलंबन और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

एसडीपीओ बोले- किसी जवान को ऐसी जांच का अधिकार नहीं

हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि क्यूआरटी जवान और व्यवसायी के बीच हुई झड़प की सूचना मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्यूआरटी जवान को शराब जांच या इस प्रकार की कार्रवाई के लिए अधिकृत नहीं किया गया है.

उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जा रही है. जांच में यदि कोई जवान दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : बोधगया फोरलेन हादसे में बड़ा खुलासा, ट्रक की रॉन्ग साइड एंट्री बनी चार युवकों की मौत की वजह



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rakesh gupta

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >