Prabhat Khabar Pratibha Samman Samaroh 2026 : (अवधेश कुमार राजन) गोपालगंज शहर के आंबेडकर भवन में गुरुवार को प्रभात खबर की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 611 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मौजूद रहे.
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, डीएम समीर सौरभ , बीएचयू पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष Dr. ज्ञान प्रकाश मिश्रा , प्रो. सुनील कुमार मिश्र, यज्ञाचार्य डॉ. पंकज शुक्ला, महेंद्र महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके पांडेय तथा प्रभात खबर के प्रतिनिधि संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से जुटने लगे थे छात्र
प्रतिभा सम्मान समारोह को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला. भीषण गर्मी के बावजूद सुबह 9 बजे से ही छात्र-छात्राएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे. रजिस्ट्रेशन के बाद विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
Gopalganj News : 611 मेधावियों को मिला सम्मान
समारोह में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 611 छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
अतिथियों और प्रायोजकों का भी हुआ सम्मान
प्रभात खबर परिवार की ओर से सभी अतिथियों को पारिजात का पौधा, अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. वहीं शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम के प्रायोजकों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
टॉपर्स को मंच पर देखकर गूंज उठा हॉल
जब एक-एक कर मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाया गया तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था. सम्मान मिलने के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों ने खुशी जताई और प्रभात खबर के इस प्रयास की सराहना की.
शिक्षाविदों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षाविदों, समाजसेवियों और प्रबुद्धजनों ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने प्रभात खबर द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की पहल को सराहनीय बताया.
