गोपालगंज में देर रात बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से यात्रियों को घर तक पहुंचायेगी पुलिस की बस, चार जगहों से मिलेगी सुरक्षित सेवा

गोपालगंज में देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पुलिस ने एक विशेष सेवा शुरू की है. अब बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से यात्रियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाएगा.

Gopalganj News : शहर में देर रात बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने नयी पहल शुरू की है. अब रात में राजेंद्र बस स्टैंड, गोपालगंज रेलवे स्टेशन, थावे रेलवे स्टेशन और मीरगंज बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों को पुलिस की विशेष बस सुरक्षित उनके घर तक पहुंचायेगी. शुक्रवार को एसपी विनय तिवारी ने मौनिया चौक से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

चार स्थानों से यात्रियों को रिसीव करेगी पुलिस की बस

पुलिस की यह सर्विस बस देर रात चार प्रमुख स्थानों पर पहुंचे यात्रियों को रिसीव करेगी. इसमें राजेंद्र बस स्टैंड, गोपालगंज रेलवे स्टेशन, थावे रेलवे स्टेशन और मीरगंज बस स्टैंड शामिल हैं. यात्रियों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए बस में पुलिस जवान भी तैनात रहेंगे.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य रात के समय बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से घर लौटने वाले यात्रियों की असुरक्षा और परेशानी को कम करना है. खासकर ठंड के दिनों में देर रात यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने पर जोर दिया गया है.

रातभर सुरक्षा पर रहेगी पुलिस की नजर

एसपी विनय तिवारी ने ठंड के दौरान अपराध पर अंकुश लगाने के लिए बस सेवा के साथ रात्रि गश्ती व्यवस्था को भी मजबूत किया है. पुलिस के अनुसार, रातभर सर्विस बस यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाने का काम करेगी, जबकि गश्ती दल शहर की दुकानों और प्रमुख इलाकों पर नजर रखेगा.

संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी. मौनिया चौक से रात्रि गश्ती दल को भी रवाना किया गया.

छह बाइक गश्ती दल को भी दिखाई हरी झंडी

यात्रियों की सुरक्षा के साथ शहर में पुलिस की निगरानी बढ़ाने के लिए छह बाइक गश्ती दल भी शुरू किये गये हैं. एसपी ने बाइक सवार पुलिस जवानों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये जवान सुबह से रात तक शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेंगे.

पुलिस का कहना है कि बाइक गश्ती से शहर में निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी. किसी भी आपात स्थिति में जवानों को मौके तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी.

यात्रियों की सुरक्षा के साथ अपराध नियंत्रण पर जोर

नई व्यवस्था के तहत देर रात यात्रियों को सुरक्षित घर पहुंचाने के साथ शहर में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ायी गयी है. पुलिस का उद्देश्य रात के समय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है.

फोटो नं 24- मौनिया चौक पर रात्रि गश्ती दल को रवाना करते एसपी | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >