Gopalganj News: दवाइयों के साथ जब अपनापन और संबल मिलता है, तो बीमारी से लड़ने की ताकत भी बढ़ जाती है. ऐसा ही भावुक नजारा बुधवार को फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में देखने को मिला, जहां निक्षय मित्र बने प्रशासनिक अधिकारियों ने चार टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें फूड बास्केट किट उपलब्ध कराई. अधिकारियों के इस सहयोग से मरीज भावुक हो उठे और उनके चेहरे पर नई उम्मीद दिखाई दी.
चार गंभीर टीबी मरीजों को लिया गोद
चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन की मौजूदगी में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सह प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुमी प्रिया, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शोभा कुमारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रीनिवास शर्मा ने चार गंभीर टीबी मरीजों को गोद लिया. सभी अधिकारियों ने मरीजों को फूड बास्केट किट प्रदान करते हुए उनके पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया.
टीबी से लड़ाई में पोषण और सामाजिक सहयोग जरूरी : डॉ. राजीव रंजन
चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल दवाइयों से नहीं जीती जा सकती. मरीजों को पौष्टिक आहार, नियमित देखभाल और सामाजिक सहयोग भी उतना ही जरूरी है. उन्होंने लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की मदद करने की अपील की, ताकि टीबी मुक्त पंचायत अभियान को सफल बनाया जा सके.
मरीजों में जगी नई उम्मीद
कार्यक्रम के दौरान बीएचएम मंजय कुमार, एसटीएस प्रिय रंजन पाठक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे. अधिकारियों के मानवीय सहयोग और आत्मीय व्यवहार से मरीजों में बीमारी से लड़ने का नया आत्मविश्वास और उम्मीद जगी. स्वास्थ्य विभाग ने भी अधिक से अधिक लोगों से निक्षय मित्र बनकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
