गोपालगंज: अंतरराज्यीय दौड़ प्रतियोगिता में यूपी के पवन और बरौली की रिपू ने मारी बाजी

रविवार को कोयलादेवा में आयोजित अंतरराज्यीय दौड़ प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के पवन राजभर और गोपालगंज की रिपू यादव ने बाजी मारी. बिहार, यूपी, झारखंड और पश्चिम बंगाल के धावकों ने अपने जज्बे का प्रदर्शन किया.

Free Physical Academy: रविवार की सुबह प्रखंड के कोयलादेवा कोऑपरेटिव उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज का मैदान युवाओं के अदम्य साहस और जज्बे का साक्षी बना. निशुल्क फिजिकल एकेडमी कोयलादेवा के तत्वावधान में आयोजित अंतरराज्यीय दौड़ प्रतियोगिता में बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल के धावकों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और काबिलियत का दम दिखाया.

सुबह 6 बजे से 10 बजे तक चले रोमांचक मुकाबले में लड़कों के वर्ग में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी पवन राजभर और लड़कियों के वर्ग में गोपालगंज के बरौली की रिपू यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे लोगों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.

1600 मीटर दौड़ में यूपी के पवन राजभर अव्वल

लड़कों की 1600 मीटर दौड़ में कुल 150 धावकों ने हिस्सा लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच 50 धावकों ने क्वालीफाई किया, जिसके बाद उनके बीच फाइनल मुकाबला कराया गया. फाइनल में यूपी के गाजीपुर निवासी पवन राजभर ने प्रथम स्थान हासिल किया.

विजेता पवन राजभर को पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा ने साइकिल देकर सम्मानित किया. दूसरे स्थान पर यूपी के बलिया निवासी बृजेश सहनी रहे, जिन्हें रनिंग जूते और कप प्रदान किया गया. तीसरे स्थान पर गोपालगंज के नीतीश कुमार को घड़ी और कप देकर सम्मानित किया गया.

चौथे स्थान पर रहे देवरिया के शंभू कुमार को कप और मेडल तथा पांचवें स्थान पर रहे गोपालगंज के पवन कुमार को कप और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया.

1000 मीटर दौड़ में रिपू यादव ने जीता खिताब

लड़कियों की 1000 मीटर दौड़ में 60 युवतियों ने हिस्सा लिया. इसमें गोपालगंज के बरौली की रिपू यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. उन्हें स्टैंडिंग फैन और कप देकर सम्मानित किया गया.

दूसरे स्थान पर यूपी के गोरखपुर की रितु निषाद रहीं, जिन्हें रनिंग जूते और कप दिया गया. तीसरे स्थान पर बरौली की अंजली यादव को घड़ी और कप से सम्मानित किया गया. चौथे स्थान पर गोपालगंज की पूजा कुमारी और पांचवें स्थान पर भैंसही की संजना कुमारी रहीं. दोनों को कप और मेडल देकर सम्मानित किया गया.

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा, जिला पार्षद राजकुमार सिंह, मां फाउंडेशन के एमडी सुनील यादव, डायरेक्टर आनंद यादव, कोच दिनेश गुप्ता, अर्जुन यादव उर्फ सिपाही जी, नौशाद अंसारी और गौरी शंकर यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.

अतिथियों ने कहा कि प्रतिभाओं की मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती. कोयलादेवा का यह मैदान युवाओं की मेहनत, लगन और जज्बे का प्रमाण है. इस तरह की प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है.

प्रतियोगिता के दौरान आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे. दर्शकों ने तालियों के साथ धावकों का उत्साहवर्धन किया और विजेता खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.

Also Read : सारण के गांव से डेथ वैली तक शैलेश की ऐतिहासिक उड़ान, किसान के बेटे ने 29 घंटे में 217 किमी दौड़कर बनाया रिकॉर्ड


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >