गोपालगंज के पंचदेवरी में प्राथमिक विद्यालय में तोड़फोड़, कार्यालय का ताला तोड़कर सामान किया क्षतिग्रस्त

पंचदेवरी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय तिवारी छपरा में असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ की. स्कूल बंद होने का फायदा उठाकर कार्यालय का ताला तोड़कर टेबल, बेंच और कुर्सियों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. अलमारी तोड़कर कागजात और टैब निकालने का भी प्रयास किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

Gopalganj News: पंचदेवरी प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय तिवारी छपरा में रविवार की दोपहर असामाजिक तत्वों ने जमकर तोड़फोड़ की. स्कूल बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और टेबल, बेंच व कुर्सियों को बाहर निकालकर क्षतिग्रस्त कर दिया. वहीं, चोरी की नीयत से कार्यालय में रखी अलमारी का ताला भी तोड़ा गया. अलमारी में रखे कागजात और टैब निकालने का प्रयास किये जाने की भी बात सामने आयी है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय की प्रधान शिक्षिका मीना कुमारी, शिक्षक जनार्दन राम और मोहम्मद अमरुद्दीन मौके पर पहुंचे. विद्यालय का ताला टूटा हुआ था और कार्यालय के अंदर सामान बिखरा पड़ा था. शिक्षकों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी.

स्कूल बंद होने का उठाया फायदा

प्रधान शिक्षिका मीना कुमारी ने बताया कि रविवार होने के कारण विद्यालय बंद था. दोपहर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया. अलमारी का ताला तोड़कर कागजात और टैब निकालने की कोशिश भी की गयी. विद्यालय का ताला टूटा देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना शिक्षकों को दी.

शिक्षकों के विद्यालय पहुंचने पर कार्यालय के सभी सामान टूटे हुए और बिखरे पड़े थे. घटना को किस वजह से अंजाम दिया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ग्रामीणों में दिखा आक्रोश

विद्यालय में तोड़फोड़ की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये. घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय में तोड़फोड़ करना गंभीर मामला है. विद्यालय बच्चों की शिक्षा का केंद्र है और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

इस मामले में प्रधान शिक्षिका मीना कुमारी ने थाने में आवेदन देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आवेदन के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

बोले थानाध्यक्ष

शराब के नशे में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा घटना को अंजाम दिये जाने की सूचना मिल रही है. पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है. दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा.

Also Read: बिहार के 18 शहरों के लिए चलाई जायेंगी बसें, पटना से किशनगंज तक पहुंचना होगा बेहद आसान, जानिए प्लानिंग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजित द्विवेदी

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >