Gopalganj News: थावे थाना क्षेत्र के मठ गौतम चौरिया टोला गांव में बीते शुक्रवार की रात करीब 10 बजे दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट हो गई. घटना में महिला समेत कुल नौ लोग घायल हो गए. मामले में दोनों पक्षों की ओर से थावे थाने में कुल 19 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
पहले पक्ष ने मारपीट और दो लाख रुपये निकालने का लगाया आरोप
पहले पक्ष की ओर से देवकी देवी ने दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि शुक्रवार की रात वह अपने घर पर बैठी थीं. इसी दौरान गांव के केदार मुसहर, भोला मुसहर, कन्हैया मुसहर, फिरोज मुसहर, मुना मुसहर, गोविंदा मुसहर, सविता देवी, नीतू देवी, रमिता देवी, रानी देवी एवं निक्की देवी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर सभी ने उनके साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई. आरोप है कि आरोपितों ने बक्सा तोड़कर उसमें रखे दो लाख रुपये भी निकाल लिए.
दूसरे पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट करने का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से सविता देवी ने दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वह रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद अपने घर में सो रही थीं. इसी दौरान गांव के प्रसाद मुसहर, किशोर मुसहर, विदेशी मुसहर, विशुनदेव मुसहर, देवकी देवी, पान कुमारी देवी, ममता देवी एवं रगन कुमारी घर में घुस आए और मारपीट की. इस घटना में सविता देवी, रमिता देवी, मुना समेत चार लोग घायल हो गए.
दोनों पक्षों की शिकायत पर 19 लोगों के खिलाफ केस
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर कुल 19 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 1995 से बीजेपी का अभेद्य किला है बांकीपुर, जानिए 1957 से लेकर अब तक कौन-कौन बना विधायक
