गोपालगंज में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, सांसद आलोक सुमन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर थावे जंक्शन से दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों के लिए नई ट्रेनें शुरू करने की मांग की है।

गोपालगंज: सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार और रेलवे से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को विस्तृत पत्र भेजा है. सांसद ने पत्र के माध्यम से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल संबंधी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है.

रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग

सांसद ने पत्र में रेलवे अंडरपास में बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या को प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में अंडरपास में पानी जमा हो जाने से आम लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यवसायियों को आवागमन में काफी परेशानी होती है. कई बार पानी अधिक भर जाने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन भी अंडरपास में फंस जाते हैं. इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है.

उन्होंने रेलवे प्रशासन से अंडरपास में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है.

साबरमती एक्सप्रेस फिर चलाने का आग्रह

सांसद ने थावे जंक्शन से पूर्व में संचालित साबरमती एक्सप्रेस का पुनः परिचालन शुरू करने की मांग की है. इसके साथ ही थावे से लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई के लिए प्रतिदिन सुपरफास्ट ट्रेन चलाने का भी आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि मुंबई के लिए सीधी और नियमित रेल सेवा मिलने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी सुविधा होगी.

बेंगलुरु और चेन्नई के लिए सीधी ट्रेन की मांग

डॉ. आलोक कुमार सुमन ने गोपालगंज और आसपास के यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए थावे से बेंगलुरु और चेन्नई के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है. इसके अलावा थावे-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने तथा हावड़ा और पुरी के लिए भी सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

अमृत भारत एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने की मांग

सांसद ने वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन संचालित 15133/15134 अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी है. उन्होंने कहा कि दिल्ली और गोपालगंज के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी महत्वपूर्ण है. इसके दैनिक परिचालन से यात्रियों को नियमित और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी.

लाखों लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार से गोपालगंज संसदीय क्षेत्र के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा होगी. इसके साथ ही रोजगार, व्यापार, चिकित्सा, शिक्षा, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय क्षेत्र की इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा.

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >