Gopalganj News: थावे प्रखंड के विदेशी टोला गांव निवासी व्यवसायी संजय प्रसाद गुप्ता के पुत्र एवं इंजीनियर रोहन उर्फ सोनू गुप्ता की दुबई में ईरानी हमले के दौरान हुई मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर भारत लाने की मांग तेज हो गई है. इस संबंध में गोपालगंज के जदयू सांसद आलोक कुमार सुमन ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर मानवीय आधार पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है.
सांसद ने उठाई पार्थिव शरीर स्वदेश लाने की मांग
सांसद आलोक कुमार सुमन ने अपने पत्र में मांग की है कि रोहन उर्फ सोनू गुप्ता का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचाने की व्यवस्था की जाए. साथ ही शोकाकुल परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और संबंधित कंपनी में बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए.
उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता मिलनी चाहिए और सरकार को मानवीय आधार पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए.
ओमान में मृत अभिमन्यु राय का शव लाने का भी अनुरोध
सांसद ने अपने पत्र में थावे थाना क्षेत्र के उदंत राय के बंगरा गांव निवासी अभिमन्यु राय का भी जिक्र किया है, जिनकी ओमान में काम करने के दौरान मौत हो गई थी. उन्होंने विदेश मंत्रालय से अभिमन्यु राय का पार्थिव शरीर भी जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
विदेश मंत्रालय से त्वरित हस्तक्षेप की अपील
सांसद आलोक कुमार सुमन ने दोनों मामलों में विदेश मंत्रालय से संवेदनशीलता के साथ शीघ्र हस्तक्षेप करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को न्याय और राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार को हरसंभव कदम उठाना चाहिए, ताकि पार्थिव शरीर जल्द स्वदेश लाकर अंतिम संस्कार कराया जा सके.
