गोपालगंज: सावन में मानसून की बेरुखी फिलहाल बनी हुई है. अगले तीन दिनों तक जिले में मानसून कमजोर रहने के आसार हैं. शनिवार से रविवार तक आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, तेज बारिश की संभावना कम है. मौसम सुहावना रहने से लोगों को उमस से कुछ राहत मिल सकती है.
शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे. तेज हवा चलने के कारण लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन शहर समेत कई इलाकों में सिर्फ बूंदाबांदी हुई. थावे समेत कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गयी. जिले में दिनभर में कुल 1.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी.
अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, शुक्रवार को गोपालगंज में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है.
वातावरण में नमी का स्तर भी अधिक रहा. अधिकतम आर्द्रता 86 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गयी. अधिक नमी के कारण उमस का प्रभाव बना रहा.
रविवार तक तेज बारिश के आसार कम
मौसम विज्ञानी ने बताया कि रविवार तक जिले में व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है. इस दौरान तेज हवा के साथ बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है.
शनिवार और रविवार को सावन लगभग सूखा रहने के आसार हैं. इससे किसानों को भी मानसून की सक्रियता का इंतजार करना पड़ सकता है.
सोमवार को अच्छी बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मौसम में बदलाव की संभावना है. घने बादलों के साथ जिले में अच्छी वर्षा हो सकती है. हालांकि, मानसून की सक्रियता पूरी तरह लौटने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं.
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि फिलहाल लोगों को मानसून के सक्रिय होने के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है.
