Gopalganj News : मैट्रिक और इंटर की वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने राहत दी है. परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गयी है. पहले फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित थी. अब जिले के 272 सरकारी व निजी माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में रजिस्ट्रेशन करा चुके छात्र-छात्राएं अपने स्कूल के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.
स्कूल के माध्यम से ही भरा जायेगा ऑनलाइन फॉर्म
बोर्ड के निर्देश के अनुसार विद्यार्थी अपने स्तर से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म नहीं भरेंगे. आवेदन की पूरी प्रक्रिया संबंधित विद्यालय के प्रधान के माध्यम से पूरी होगी. विद्यार्थियों को स्कूल में जाकर परीक्षा फॉर्म भरवाने के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा करना होगा.
विद्यालय के प्रधान बोर्ड के निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरेंगे. स्कूल की ओर से फॉर्म डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जायेगा. विद्यार्थियों को फॉर्म की दो प्रतियां तैयार करनी होंगी. एक प्रति स्कूल में जमा होगी, जबकि दूसरी प्रति पर विद्यालय प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर और तारीख दर्ज कर विद्यार्थी को वापस की जायेगी.
फॉर्म भरने से पहले नाम और जन्म तिथि जरूर जांचें
परीक्षा फॉर्म भरते समय विद्यार्थियों को अपनी सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच करनी होगी. नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, लिंग, जाति और चुने गये विषय का मिलान रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र से करना जरूरी होगा.
किसी जानकारी में गलती मिलने पर विद्यार्थी को तत्काल विद्यालय प्रधान को इसकी जानकारी देनी होगी, ताकि निर्धारित समय के अंदर उसमें सुधार कराया जा सके. फॉर्म में मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी दर्ज करना भी जरूरी होगा. फोटो और हस्ताक्षर बोर्ड के निर्धारित मानक के अनुसार अपलोड किये जायेंगे.
अंतिम दिनों की भीड़ से बचने की सलाह
परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित होने के बाद स्कूलों में अंतिम दिनों में विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है. ऐसे में छात्र-छात्राओं को अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गयी है. समय रहते स्कूल पहुंचकर फॉर्म भरवाने, शुल्क जमा करने और सभी जरूरी जानकारियों की जांच कराने से बाद की परेशानी से बचा जा सकता है.
Also Read : गोपालगंज में 254 स्कूलों में 11वीं-12वीं की परीक्षा शुरू, पहले दिन कठिन सवालों ने छात्रों को खूब छकाया
