Gopalganj News : मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले उन छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है, जिनका पंजीयन (मैट्रिक) या सूचीकरण (इंटर) किसी कारणवश समय पर नहीं हो सका था. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने ऐसे विद्यार्थियों को अंतिम अवसर दिया है. बोर्ड के निर्देशानुसार विलंब शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई है. शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थी ही 22 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन, घोषणा पत्र अपलोड करने सहित शेष प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
संबंधित विद्यालय के माध्यम से होगा आवेदन
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि यह सुविधा केवल उन विद्यार्थियों के लिए है, जिनका आवेदन तकनीकी कारणों, दस्तावेजों की कमी या अन्य वजहों से अधूरा रह गया था. आवेदन संबंधित मान्यता प्राप्त विद्यालय, प्लस-टू स्कूल या कॉलेज के प्रधानाचार्य के माध्यम से ही ऑनलाइन किया जाएगा. उन्होंने सभी विद्यालय प्रधानों को समय सीमा के भीतर लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
घोषणा पत्र अपलोड करना अनिवार्य
बिहार बोर्ड ने इस बार घोषणा पत्र (डिक्लेरेशन) अपलोड करना अनिवार्य कर दिया है. आवेदन भरने के बाद बोर्ड के पोर्टल से प्री-फिल्ड घोषणा पत्र डाउनलोड करना होगा. इस पर छात्र, अभिभावक और विद्यालय प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर कराने के बाद इसे पोर्टल पर अपलोड करना आवश्यक होगा. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि घोषणा पत्र अपलोड होने के बाद ही आवेदन पूर्ण माना जाएगा. जिन विद्यार्थियों का आवेदन पहले ही भर दिया गया है, लेकिन घोषणा पत्र अपलोड नहीं हुआ है, उन्हें भी 22 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
गलत जानकारी देने पर होगी कार्रवाई
डीईओ ने विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि आवेदन में किसी भी प्रकार का डमी नाम या गलत जानकारी दर्ज नहीं की जाए. यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित आवेदन रद्द कर दिया जाएगा और विद्यालय प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी. जिन विद्यार्थियों को अपार आईडी (APAAR ID) जारी हो चुकी है, उनके लिए इसकी प्रविष्टि करना अनिवार्य है. साथ ही आधार संख्या भी दर्ज करनी होगी. जिनके पास आधार नहीं है, उन्हें निर्धारित कॉलम में इसकी घोषणा करनी होगी.
आवेदन से पहले सभी विवरण अवश्य जांचें
बिहार बोर्ड ने विद्यार्थियों और विद्यालयों को सलाह दी है कि आवेदन सबमिट करने से पहले नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम, विषय, आधार संख्या और अपार आईडी सहित सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच कर लें. भविष्य में एडमिट कार्ड, परीक्षा फॉर्म और प्रमाणपत्र इन्हीं विवरणों के आधार पर तैयार किए जाएंगे.
आज है विलंब शुल्क जमा करने का अंतिम दिन
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि विलंब शुल्क जमा करने का अंतिम अवसर 20 जुलाई है. ऐसे में जिन विद्यार्थियों का पंजीयन या सूचीकरण अब भी अधूरा है, वे बिना देर किए शुल्क जमा कर 22 जुलाई तक पूरी ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि परीक्षा में शामिल होने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
Also Read : पानापुर में बड़ी चोरी, संयुक्त परिवार के छह कमरों का ताला तोड़ लगभग 20 लाख के गहने और सामान ले उड़े चोर
