Gopalganj News : गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है. दहेज की मांग को लेकर हुए विवाद में एक विवाहिता पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान छपिया गांव निवासी सलोनी अंसारी के रूप में हुई है. उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
शादी के बाद से दहेज के लिए किया जा रहा था प्रताड़ित
परिजनों के अनुसार, सलोनी अंसारी की शादी वर्ष 2023 में थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी करीमुल्लाह अंसारी के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज में पैसे की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी.
दूसरी शादी की बात पर बढ़ा विवाद, चाकू से किया हमला
परिजनों का आरोप है कि पति करीमुल्लाह अंसारी की दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को विवाद और बढ़ गया. इसी दौरान पति की बड़ी भाभी जमीला खातून ने सलोनी अंसारी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद महिला के भाई ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
