Drug-Free India Campaign : महेंद्र महिला महाविद्यालय, गोपालगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में 'नशा मुक्त भारत–विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
प्रधानमंत्री के संबोधन का सामूहिक प्रसारण देखा गया
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का सामूहिक प्रसारण किया गया. सभी प्रतिभागियों ने संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना. इसके बाद राष्ट्रव्यापी नशा विरोधी शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.
प्राचार्य ने युवाओं से निभाने की अपील की सामाजिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. ए.के. पांडेय ने की. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी होगी. उन्होंने छात्राओं से अपने घर, गांव और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की.
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी ने युवाओं की भूमिका बताई अहम
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. पिंकी कुमारी ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि छात्राएं समाज में जागरूकता की मजबूत कड़ी बन सकती हैं. यदि प्रत्येक युवा नशे के खिलाफ आवाज उठाए, तो आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा.
शिक्षक और छात्राओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में डॉ. कुमार पंकज, डॉ. सीमा सिंह, वीरेंद्र कुमार, डॉ. बैरिस्टर यादव, डॉ. नंदकिशोर, डॉ. संगीता कुमारी और डॉ. नीता सहित महाविद्यालय के सभी विभागों के शिक्षक उपस्थित रहे. छात्राओं में अंजली कुमारी, काजल कुमारी, तनु कुमारी, नंदनी कुमारी समेत बड़ी संख्या में स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया.
कार्यक्रम के अंत में लिया गया नशा मुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशा नहीं करने, नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया.
Also Read : गोपालगंज में 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा इलाका, बहेरा बाबा मंदिर की कलशयात्रा में उमड़ा जनसैलाब
