JPU UG Admission 2026: तीसरी मेरिट लिस्ट 31 जुलाई को, 1 अगस्त से शुरू होगा नामांकन

JPU UG Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय की स्नातक सत्र 2026-30 की तीसरी मेरिट लिस्ट 31 जुलाई को जारी होगी. 1 से 6 अगस्त तक नामांकन होगा.

गोपालगंज: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) की स्नातक सत्र 2026-30 की तीसरी मेरिट लिस्ट 31 जुलाई को जारी की जायेगी. मेरिट लिस्ट में चयनित छात्र-छात्राओं का नामांकन एक अगस्त से शुरू होगा. जिले के सभी अंगीभूत एवं संबद्ध डिग्री कॉलेजों के साथ राजकीय डिग्री कॉलेजों में भी एक से छह अगस्त तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी. नामांकन को लेकर गोपालगंज के सभी डिग्री कॉलेजों में तैयारी पूरी कर ली गयी है.

शहर के कमला राय डिग्री कॉलेज, महेंद्र महिला महाविद्यालय समेत जिले के अन्य कॉलेजों में दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. विश्वविद्यालय की ओर से चयनित छात्र-छात्राओं को अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और समय रहते नामांकन पूरा कराने की सलाह दी गयी है.

पहली और दूसरी मेरिट लिस्ट में चयन से वंचित रह गये अभ्यर्थियों को अब तीसरी मेरिट सूची का इंतजार था. तीसरी सूची में भी नाम नहीं आने वाले विद्यार्थियों को आगे स्पॉट नामांकन या विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाली अगली प्रक्रिया का इंतजार करना होगा.

समर्थ पोर्टल पर देख सकेंगे आवंटित कॉलेज

विश्वविद्यालय की ओर से तीसरी मेरिट लिस्ट समर्थ पोर्टल पर उपलब्ध करायी जायेगी. चयनित छात्र-छात्राएं अपने यूजर आइडी और पासवर्ड के माध्यम से लॉगिन कर आवंटित कॉलेज की जानकारी देख सकेंगे.

नामांकन के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि छह अगस्त को शाम चार बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में नामांकन स्वीकार नहीं किया जायेगा. ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम दिन का इंतजार नहीं करने की सलाह दी गयी है.

दस्तावेजों में कमी हुई तो अटक सकता है नामांकन

नामांकन के समय अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज साथ लेकर कॉलेज पहुंचना होगा. आवेदन पत्र, अलॉटमेंट लेटर, मैट्रिक और इंटर के मूल प्रमाणपत्र, एसएलसी/सीएलसी, आधार कार्ड, अपार (एबीसी) आइडी और चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा.

इसके अलावा आरक्षण, ईडब्ल्यूएस या दिव्यांग प्रमाणपत्र लागू होने की स्थिति में संबंधित प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा. जिन विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दौरान गैप लिया है, उन्हें शपथ पत्र जमा करना होगा. आवश्यक दस्तावेजों में कमी होने पर नामांकन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.

नामांकन शुल्क केवल ऑनलाइन जमा होगा

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामांकन शुल्क केवल समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे के माध्यम से ऑनलाइन जमा किया जायेगा. शुल्क भुगतान के बाद प्राप्त रसीद को संबंधित कॉलेज में जमा करना होगा.

नामांकन के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क की व्यवस्था की गयी है. अभ्यर्थी तकनीकी परेशानी होने पर हेल्पडेस्क से संपर्क कर समस्या का समाधान करा सकते हैं.

सात अगस्त तक भेजना होगा नामांकन और सीटों का विवरण

जेपीयू प्रशासन की ओर से कॉलेजों को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष सीटों और नामांकित छात्र-छात्राओं की संख्या का विवरण सात अगस्त तक भेजने का निर्देश दिया गया है.

नामांकन की निर्धारित अवधि में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए कॉलेजों को छुट्टी और रविवार के दिन भी खोलने का निर्देश दिया गया है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों से समय रहते नामांकन कराने और अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने की अपील की है.

नामांकन की महत्वपूर्ण तिथियां

  • तीसरी मेरिट लिस्ट: 31 जुलाई 2026
  • नामांकन शुरू: 1 अगस्त 2026
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अगस्त 2026
  • अंतिम समय: 6 अगस्त को शाम 4 बजे तक
  • सीटों व नामांकन का विवरण भेजने की अंतिम तिथि: 7 अगस्त 2026
  • नामांकन शुल्क: समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन

Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >