Hathua Nagar Panchayat: हथुआ नगर पंचायत क्षेत्र के एक अत्यंत पिछड़े मोहल्ले में सड़क और नाली की सुविधा नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है. मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत गठन के करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी उनके वार्ड में सड़क और नाली का निर्माण नहीं कराया गया है. इसके कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश होते ही घरों के दरवाजे पर जमा हो जाता है पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की बारिश होने पर भी मोहल्ले की सड़कों और घरों के दरवाजे पर पानी जमा हो जाता है. इससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है. जलजमाव के कारण बांसुरी का व्यवसाय करने वाले परिवारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. लोगों का कहना है कि दरवाजे पर पानी जमा रहने से वे अपना व्यवसाय भी ठीक से नहीं कर पाते हैं, जिससे उनकी जीविका प्रभावित हो रही है.
तीन साल में योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का आरोप
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि सरकार की ओर से गरीब परिवारों के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही हैं, लेकिन पिछले तीन वर्षों में उनके मोहल्ले तक इन योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है. लोगों ने बताया कि नगर पंचायत के अन्य क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना, नाला और सड़क सहित अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है, लेकिन उनके मोहल्ले के जरूरतमंद परिवारों को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला है.
वार्ड पार्षद पर समस्या का समाधान नहीं कराने का आरोप
स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद रुकैया प्रवीण और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि साबिर खान पर समस्याओं का समाधान नहीं कराने का आरोप लगाया है. लोगों के मुताबिक, जब भी वे सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उनसे शिकायत करते हैं, तो उन्हें यह कहकर जवाब दिया जाता है कि सरकार या नगर प्रशासन जब मोहल्ले के लिए कुछ नहीं कर रहा है, तो वे क्या कर सकते हैं.
नगर प्रशासन से सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
इस स्थिति से नाराज मोहल्लेवासियों ने नगर प्रशासन से सड़क और नाली का निर्माण कराने तथा पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल होने के बाद भी यदि उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तो उनकी समस्याओं का समाधान कैसे होगा.
मोहल्लेवासियों ने उम्मीद जतायी है कि नगर प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठायेंगे.
