गोपालगंज में 24 हजार ऋण बकायादारों को लोक अदालत का नोटिस, 12 सितंबर को कर्ज निपटाने का मौका

बिहार ग्रामीण बैंक ने 24 हजार डिफॉल्टरों को 12 सितंबर की लोक अदालत का नोटिस भेजा है। ऋण समाधान योजना के तहत कर्जदारों को मिलेगी विशेष छूट।

Gopalganj Bank Fraud : जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को लेकर बिहार ग्रामीण बैंक ने तैयारी तेज कर दी है. बैंक के गोपालगंज क्षेत्र की 64 शाखाओं से जुड़े 24 हजार से अधिक ऋण बकायादारों को नोटिस भेजा गया है. लोक अदालत में पात्र ऋणियों को लंबित ऋण खातों के निपटारे का विशेष अवसर मिलेगा.

24 हजार से अधिक बकायादारों को भेजा गया नोटिस

बिहार ग्रामीण बैंक के गोपालगंज क्षेत्र में कुल 64 शाखाएं कार्यरत हैं. इन शाखाओं के माध्यम से 24 हजार से अधिक ऋण बकायादारों को लोक अदालत में शामिल होने के लिए नोटिस भेजे गये हैं. इनमें कृषि ऋण खातों के बकायादारों की संख्या सबसे अधिक है. बैंक का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र ऋणियों को लोक अदालत के माध्यम से लंबित ऋण खातों का समाधान दिलाना है.

विशेष ऋण समाधान योजना में मिल सकती है छूट

क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि इस बार ऋण बकायादारों के लिए बैंक की ओर से विशेष ऋण समाधान योजना लायी गयी है. योजना के तहत पात्र ऋण खातों में विशेष एवं अधिकतम संभव छूट का प्रावधान किया गया है. इससे पात्र ऋणी अपेक्षाकृत कम राशि का भुगतान कर अपने ऋण खाते का निपटारा करा सकते हैं.

किसानों समेत अन्य ऋणियों को मिलेगा फायदा

राजीव कुमार ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से ऋणियों को अपने लंबित ऋण का समाधान कराने का बेहतर अवसर मिलेगा. उन्होंने किसानों समेत अन्य पात्र ऋण बकायादारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.

नजदीकी शाखा से लें ऋण समाधान की जानकारी

बैंक की ओर से संबंधित ऋण बकायादारों से कहा गया है कि वे ऋण समाधान योजना की विस्तृत जानकारी और अपने खाते के निपटारे के लिए निकटतम बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से संपर्क करें. इसके साथ ही 12 सितंबर को आयोजित जिला लोक अदालत में उपस्थित होकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने ऋण खाते का निपटारा करा सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >