Gopalganj Murder Case: मांझा थाना क्षेत्र के बलुही गांव के समीप गंडक सोता नदी से युवक का शव बरामद होने के मामले में मृतक के पिता ने पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. भैसही गांव निवासी बद्री यादव ने अपने 30 वर्षीय पुत्र चिंटू यादव को अगवा कर हत्या करने और शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
भैंस चराने के बाद घर लौटते समय हुआ लापता
जानकारी के अनुसार, भैसही गांव निवासी चिंटू यादव शनिवार की शाम भैंस चराकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए. स्वजन देर रात तक उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों के साथ नदी के किनारे भी खोजबीन की. करीब दो दिनों तक तलाश के बाद सोमवार को बलुही गांव के समीप गंडक सोता नदी में युवक का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना पर स्वजनों में चीख-पुकार मच गई.
गले पर मिले कट के निशान, हत्या की आशंका
शव बरामद होने के बाद स्वजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई थी. बताया गया कि मृतक के गले पर कट के निशान भी पाए गए थे. इसके बाद मृतक के पिता बद्री यादव ने पुलिस को आवेदन देकर पांच लोगों पर पुत्र को अगवा करने के बाद हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप लगाया.
पुलिस को दिए आवेदन के आधार पर बरौली थाना क्षेत्र के धनटोली मिर्जापुर गांव निवासी बिरबल यादव, मांझा थाना क्षेत्र के इशापुर गांव निवासी विजय यादव, दीपक यादव, रामा पति यादव तथा बलुही गांव निवासी मुस्ताक मियां के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस आरोपितों की भूमिका की कर रही जांच
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हत्या के कारण और घटना में नामजद लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है. संभावित ठिकानों के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
Also Read: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की रेड, बिहार के तीन जिलों में कागजात खंगाल रही टीम
