PM Modi Birthday: गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड मुख्यालय स्थित हनुमान मंदिर परिसर गुरुवार की देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 500 दीपों की आभा से जगमगा उठा. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. दीपों की कतारों से सजे मंदिर परिसर में देशसेवा के संकल्प और शुभकामनाओं का माहौल बना रहा.
पीएम मोदी को बताया आधुनिक भारत का विश्वकर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदंबा राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के विश्वकर्मा हैं. उनका जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है.
मंडल उपाध्यक्ष अनिल राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव के साथ गुरुवार से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भी शुभारंभ हुआ है. यह अभियान 17 अक्तूबर तक चलेगा. उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज के बीच और व्यापक रूप देने का प्रयास किया जाएगा.
भाजपा नेताओं ने गिनाए सरकार के कार्य
कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष दीपक वर्णवाल और युवा भाजपा नेता संदीप पुष्पक ने भी संबोधित किया. इस दौरान नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुए कार्यों का उल्लेख किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मुखिया संतोष साह, अजय गुप्ता, मंडल महामंत्री शिवम मिश्र, सिकंदर साह, रमाकांत शर्मा, राहुल गुप्ता, संतोष सिंह, वीरेंद्र कुशवाहा, पिंटू राय, अभिषेक राय, समन्वय कुमार सिंह, संदीप पुष्पक, अनिल कुमार श्रीवास्तव, शैलेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
