मांझा. मांझा थाने के धामापाकड़ बाजार के मिठाई दुकान में तोड़फोड़ व फायरिंग की गयी. पुलिस ने इस मामले में बारह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इन्कार किया है. गिरफ्तार किये गये युवकों में मंटू सिंह, उज्ज्वल सिंह और अंकित सिंह शामिल हैं. वहीं, अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम छापेमारी कर रही है.
दुकान से 15 हजार रुपये लूटे जाने का भी लगाया आरोप
इधर, पीड़ित दुकानदार कृष्णा साह ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि सुबह उनकी मिठाई दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की गयी व लूटपाट भी की गयी. वहीं, दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की गयी. उन्होंने दुकान से 15 हजार रुपये लूटे जाने का भी आरोप लगाया है. वहीं पुलिस हवाई फायरिंग मामले में इंकार कर रही है.
एक दिन पूर्व भी किया गया था हमला
दुकानदार का कहना है कि एक दिन पूर्व उनके घर पर भी हमला किया गया था. इस मामले में पीड़ित दुकानदार ने चाकू से हमला कर घायल करने की बात कही है. उसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मांझा में चल रहा है. वहीं, इस मामले में पिंटू सिंह, मंटू सिंह, बाबूनंद सिंह सहित कुल 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
