(फुलवरिया से राकेश कुमार की रिपोर्ट)
Gopalganj News: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पैतृक गांव फुलवरिया में मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रखंड अध्यक्ष प्रो. अली अकबर अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया तथा कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया.
बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध पर सरकार को घेरा
धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने बिहार में बढ़ती हत्या, लूट, अपहरण, रंगदारी और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं पर चिंता जताई. नेताओं ने आरोप लगाया कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि सरकार बुनियादी समस्याओं के समाधान में विफल रही है.
मनोज सिंह कुशवाहा ने सरकार पर साधा निशाना
पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा के प्रतिनिधि मनोज सिंह कुशवाहा ने कहा कि राजद जनता की आवाज को दबने नहीं देगा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का प्रयास कर रही है.
लालू प्रसाद यादव के संघर्षों को किया याद
वरिष्ठ नेता हरेराम सिंह ने कहा कि फुलवरिया की धरती पर जन्मे लालू प्रसाद यादव ने गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष किया. उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता वर्तमान सरकार की कार्यशैली और विफलताओं को समझ चुकी है और समय आने पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी.
जन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
धरना-प्रदर्शन के समापन पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे.
Also Read : सूता फैक्ट्री मोड़ पर शराब तस्करों पर शिकंजा, कार से 324 लीटर शराब बरामद, शराब और वाहन जब्त
