गोपालगंज में महाजाम, फंसी रही एम्बुलेंस, ऑक्सीजन सपोर्ट पर तड़पता रहा मरीज

Gopalganj News: गोपालगंज के लाइन बाजार में मंगलवार को इंसानियत को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई. महाजाम में फंसी एम्बुलेंस में ऑक्सीजन सपोर्ट पर एक गंभीर मरीज जिंदगी और मौत से जूझता रहा, जबकि लोग रास्ता देने के बजाय आगे निकलने की होड़ में लगे रहे.

Gopalganj News (प्रशांत पाठक की रिपोर्ट): गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड अंतर्गत मीरगंज थाना क्षेत्र के लाइन बाजार में मंगलवार को भीषण जाम के कारण एक गंभीर मरीज की जान पर बन आई. ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस करीब एक घंटे तक महाजाम में फंसी रही. इस दौरान एम्बुलेंस चालक लगातार सायरन बजाकर रास्ता देने की अपील करता रहा, लेकिन सड़क पर अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका.

जाम में थम गई एम्बुलेंस की रफ्तार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मीरगंज-समउर सड़क स्थित लाइन बाजार में जाम इतना भयावह था कि एम्बुलेंस का पहिया पूरी तरह थम गया. मरीज के परिजन एम्बुलेंस की खिड़की से हाथ जोड़कर लोगों से रास्ता देने की गुहार लगाते रहे. बावजूद इसके कई ई-रिक्शा और बाइक सवार अपने वाहन आगे निकालने की होड़ में लगे रहे.

जिंदगी और मौत से जूझता रहा मरीज

एम्बुलेंस में मौजूद मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर था और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी. परिजन लगातार परेशान दिखे और किसी तरह अस्पताल पहुंचने की कोशिश करते रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर रास्ता नहीं मिलने से मरीज की स्थिति और बिगड़ सकती थी.

स्थानीय युवकों ने संभाला मोर्चा

घंटों की मशक्कत के बाद कुछ स्थानीय युवकों ने आगे आकर जाम हटाने की कोशिश की. इसके बाद एम्बुलेंस को धीरे-धीरे जाम से बाहर निकाला जा सका और मरीज को अस्पताल के लिए रवाना किया गया. घटना के बाद इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई.

आए दिन लगते हैं जाम

स्थानीय लोगों ने बताया कि लाइन बाजार में जाम की समस्या अब आम हो चुकी है. आसपास के गांवों के लोगों द्वारा कई बार बाईपास सड़क की मांग भी उठाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि अगर जल्द ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.

ये हैं जाम की मुख्य वजहें

लोगों के अनुसार लाइन बाजार में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी जाम की बड़ी वजह है। चालक सड़क के बीचों-बीच वाहन रोककर सवारी बैठाते और उतारते हैं. इसके अलावा दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाना और बाइक सवारों की अवैध पार्किंग भी समस्या को बढ़ा रही है.

Read More: JDU MLA पप्पू पांडेय को राहत बरकरार, सतीश पांडेय और सीए राहुल तिवारी की जमानत अर्जी पर भी हुई सुनवाई

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >