Gopalganj Adarsh Vidyalaya: जिले में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श) विद्यालयों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है. जिले के 14 प्रखंडों में संचालित आदर्श विद्यालयों की नियमित निगरानी, शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा और विकास कार्यों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने आदेश जारी कर नामित पदाधिकारियों को अपने-अपने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया है. विद्यालयों में विभागीय निर्देश के अनुसार संचालित कार्यक्रमों का सुचारू संचालन और अनुश्रवण सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों को कैरियर संबंधी मार्गदर्शन भी देना होगा. शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करने तथा विद्यालय को आदर्श संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम करना होगा.
विद्यालयों की जरूरतों पर भी रहेगी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नामित अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहेंगे. उन्हें विद्यालय की वास्तविक जरूरतों की जानकारी लेकर उसके विकास के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करना होगा. विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने, शिक्षकों को प्रोत्साहित करने और विभागीय कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जायेगा.
हर सप्ताह भेजनी होगी रिपोर्ट
विद्यालय निरीक्षण, विकास कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों और अन्य संबंधित कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट जिला पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी. रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तर पर विद्यालयों की स्थिति और प्रगति की समीक्षा की जायेगी. प्रशासन की इस व्यवस्था से आदर्श विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ विद्यार्थियों के कैरियर मार्गदर्शन और विद्यालयों के सतत विकास को गति मिलने की उम्मीद है.
विद्यालयवार पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
| प्रखंड | विद्यालय | नामित पदाधिकारी |
| थावे | उच्च माध्यमिक विद्यालय, सेमरा | गौरव कुमार, उप विकास आयुक्त, गोपालगंज |
| मांझा | माधव उच्च विद्यालय, मांझागढ़ | अमरेन्द्र कुमार पांडेय, डीईओ, गोपालगंज |
| विजयीपुर | सहयोगी उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज | मनोज कुमार, बीडीओ, विजयीपुर |
| फुलवरिया | सहयोगी उच्च विद्यालय, बथुआ | वसीम अकरम, भूमि सुधार उप समाहर्ता, हथुआ |
| पंचदेवरी | तापेश्वर नाथ उच्च विद्यालय, छितौना | आयुष राज आलोक, बीडीओ, पंचदेवरी |
| उचकागांव | एसपीएन उच्च विद्यालय, रघुआ जमसड़ | डॉ. शशि प्रकाश राय, प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी, गोपालगंज |
| बरौली | नारायण सर्वोदय उच्च विद्यालय, सदौवा | अजीत कुमार रौशन, बीडीओ, बरौली |
| सिधवलिया | उच्च विद्यालय, शाहपुर | कुमारी रंजना भारती, भूमि सुधार उप समाहर्ता, गोपालगंज सदर |
| बैकुंठपुर | एसवाइआर उच्च विद्यालय, रेवतिथ | डॉ. प्रेरणा सिंह, एसडीओ, गोपालगंज सदर |
| गोपालगंज | श्री रामरतन शाही उच्च माध्यमिक विद्यालय, यादोपुर | प्रशांत अभिषेक, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी |
| हथुआ | उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारवों कपरपुरा | शिवम, प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा, डीपीओ |
| कटेया | राजेंद्र उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज | अर्चना, बीडीओ, कटेया |
| भोरे | श्री शंकर उच्च विद्यालय, चकिया हुस्सेपुर | अभिषेक कुमार चन्दन, एसडीओ, हथुआ |
| कुचायकोट | उच्च विद्यालय, सोनहुला | आदित्य प्रकाश, बीडीओ, कुचायकोट |
