मैट्रिक-इंटर परीक्षा 2027 के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी, 14 अगस्त तक करा सकेंगे सुधार

Gopalganj News : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी कर दिए हैं। विद्यार्थियों को 14 अगस्त तक अपने विवरणों की जांच और सुधार का मौका दिया गया है।

Gopalganj News : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले उन विद्यार्थियों के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी कर दिया है, जिन्होंने 22 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आवेदन जमा किया था. बोर्ड ने 25 जुलाई से 14 अगस्त तक डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में दर्ज विवरणों की जांच एवं त्रुटि सुधार का अवसर प्रदान किया है. इस संबंध में जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं संबद्ध विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड का उद्देश्य

बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी करने का उद्देश्य विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी विवरणों का अंतिम सत्यापन कराना है. यदि किसी विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, फोटो, लिंग, जाति, धर्म, राष्ट्रीयता, विषय या अन्य किसी जानकारी में त्रुटि है, तो उसे निर्धारित अवधि के भीतर ही ठीक कराया जा सकता है. समय-सीमा समाप्त होने के बाद किसी प्रकार के सुधार का अवसर नहीं मिलेगा.

विद्यालय से मिलेगा हस्ताक्षरित डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड

जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से बोर्ड के पोर्टल पर लॉग इन कर डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड डाउनलोड करेंगे. इसके बाद विद्यालय की मुहर एवं प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर के साथ इसकी दो प्रतियां विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी. बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे कार्ड में दर्ज सभी जानकारियों का मूल प्रमाण-पत्रों से मिलान अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की सूचना तुरंत विद्यालय को दें.

इन जानकारियों में कराया जा सकेगा सुधार

डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में नाम की सामान्य वर्तनी संबंधी त्रुटि, माता-पिता के नाम, फोटो, जन्मतिथि, लिंग, जाति, धर्म, राष्ट्रीयता, विषय सहित अन्य आवश्यक विवरणों में सुधार कराया जा सकेगा. बोर्ड ने विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया है कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर सभी त्रुटियों का ऑनलाइन सुधार निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

मैट्रिक और इंटर के लिए अलग-अलग पोर्टल

बिहार बोर्ड ने इंटरमीडिएट और मैट्रिक के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग पोर्टल पर डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड उपलब्ध कराया है. इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों का डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड इंटर पोर्टल पर, जबकि मैट्रिक के विद्यार्थियों का डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड बोर्ड के मैट्रिक पोर्टल पर अपलोड किया गया है. हालांकि, डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड सीधे विद्यार्थियों को उपलब्ध नहीं कराया जाएगा. उन्हें यह अपने-अपने विद्यालय से ही हस्ताक्षरित एवं मुहरयुक्त प्रति के रूप में प्राप्त होगा.

14 अगस्त से पहले अवश्य कराएं त्रुटि सुधार

बोर्ड ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें. डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड प्राप्त होते ही उसमें दर्ज सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करें. यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है, तो 14 अगस्त से पहले विद्यालय के माध्यम से उसका सुधार अवश्य करा लें. किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट के विद्यार्थी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं.

Also Read : श्रीपुर थाना क्षेत्र से युवती रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >