Inter Admission: इंटर में दाखिले की उम्मीद लगाए बैठे विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार यानी 18 सितंबर आखिरी मौका है. सत्र 2026-28 में अब तक नामांकन से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए खाली सीटों पर स्पॉट नामांकन की प्रक्रिया 18 सितंबर को समाप्त हो जाएगी. इसके बाद इस सत्र में इंटर में दाखिले का मौका नहीं मिलेगा.
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने ओएफएसएस के माध्यम से 15 से 18 सितंबर तक स्पॉट नामांकन की व्यवस्था की है. जिले के 272 इंटर कॉलेजों और प्लस-टू स्कूलों में विभिन्न विषयों की खाली सीटों पर पात्र विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर दिया गया है.
खाली सीटों पर कराया जा सकता है नामांकन
जिन विद्यार्थियों का अब तक किसी संस्थान में नामांकन नहीं हुआ है, वे संबंधित स्कूल-कॉलेज में संपर्क कर रिक्त सीटों की जानकारी ले सकते हैं. उपलब्ध सीट और निर्धारित पात्रता के आधार पर ही विद्यार्थियों का नामांकन लिया जाएगा.
विद्यार्थियों को सलाह दी गयी है कि अंतिम दिन होने वाली संभावित भीड़ और ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
बिहार बोर्ड के साथ दूसरे बोर्ड के छात्रों को भी मौका
स्पॉट नामांकन में केवल बिहार बोर्ड से मैट्रिक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को ही मौका नहीं दिया गया है. सीबीएसइ, आइसीएसइ और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी भी खाली सीटों पर नामांकन करा सकते हैं.
इससे नियमित नामांकन प्रक्रिया में दाखिला नहीं ले पाने वाले विद्यार्थियों को इंटर में प्रवेश का अवसर मिलेगा.
18 सितंबर के बाद खत्म हो जाएगा मौका
बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 सितंबर के बाद स्पॉट नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. ऐसे में विद्यार्थियों के पास नामांकन कराने के लिए अब समय बेहद कम है. निर्धारित तिथि के बाद दाखिले का रास्ता बंद हो जाएगा.
19 सितंबर तक पोर्टल पर दर्ज करना होगा रिकॉर्ड
स्पॉट नामांकन के बाद स्कूल-कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी भी बढ़ जाएगी. 15 से 18 सितंबर के बीच हुए सभी नामांकनों का पूरा रिकॉर्ड 19 सितंबर तक ओएफएसएस पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य होगा.
शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों को रिक्त सीटों के अनुसार पात्र विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित कराने तथा नामांकन से संबंधित पूरी जानकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन दर्ज करने का निर्देश दिया गया है.
