Gopalganj Electricity Accident: भोरे थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वेल्डिंग का काम कर रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पहली घटना नदवा गांव की है, जहां चापाकल में लगे पानी के मोटर से करंट उतरने के कारण एक वृद्धा उसकी चपेट में आ गई. वहीं दूसरी घटना बंतरिया मोड़ के पास हुई, जहां वेल्डिंग के दौरान एक कारीगर करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया.
चापाकल में उतरा करंट, वृद्धा की मौत
जानकारी के मुताबिक, नदवा गांव निवासी नंदलाल महतो की 65 वर्षीय पत्नी बिंदा देवी अपने घर के चापाकल पर पानी भरने गई थीं. इसी दौरान चापाकल में लगे पानी खींचने वाले मोटर से अचानक करंट प्रवाहित हो गया. करंट की चपेट में आने से बिंदा देवी चापाकल से ही चिपक गईं.
जब परिजनों की नजर उन पर पड़ी, तब तक काफी देर हो चुकी थी. परिजन आनन-फानन में बिंदा देवी को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद परिजन शव को वापस घर ले आए. मामले की जानकारी मिलने के बाद भोरे थाना पुलिस नदवा गांव पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई. वृद्धा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
वेल्डिंग के दौरान करंट से झुलसा कारीगर
दूसरी घटना भोरे थाना क्षेत्र के बंतरिया मोड़ के पास की है. यहां वेल्डिंग का काम करने के दौरान एक कारीगर हादसे का शिकार हो गया. वेल्डिंग करते समय अचानक उपकरण में करंट आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल की पहचान संसार बंतरिया गांव निवासी दिनेश मिश्र के रूप में हुई है.
एक ही दिन दो विद्युत हादसों से इलाके में चिंता
भोरे थाना क्षेत्र में एक ही दिन करंट लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक वृद्धा की मौत और एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने से इलाके में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत बताई है.
Also Read: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 4 ठिकानों पर SVU की रेड, बिहार के तीन जिलों में कागजात खंगाल रही टीम
