Gopalganj Accident News: (मनीष राज) गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत संत मोड़ के पास रविवार की देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
मृतकों की पहचान हरपुर बाजार निवासी बिक्की कुमार (17 वर्ष), पिता गौरी शंकर मांझी तथा जिम्मी कुमार (22 वर्ष), पिता राजकपूर मांझी के रूप में हुई है. दोनों युवक आपस में पड़ोसी थे और अपने-अपने परिवार के सबसे छोटे बेटे थे.
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, बिक्की कुमार 10वीं कक्षा का छात्र था, जबकि जिम्मी कुमार बीए पार्ट-1 का छात्र था. दोनों युवक वृंदावन में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. जिम्मी अपने चाचा के बेटे की बारात में शामिल होने गया था. शादी समारोह से लौटने के दौरान संत मोड़ के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसें
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही उचकागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
गांव में पसरा मातम
एक साथ दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही हरपुर बाजार गांव में मातम छा गया. सदर अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें: अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पटना रेफर
