Residential Training: सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पढ़ाई को और प्रभावी बनाने के लिए जिले के कक्षा तीन से पांच तक के 190 शिक्षक-शिक्षिकाओं का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सोमवार से शुरू होगा. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निर्देश पर 17 से 21 अगस्त तक डायट, थावे में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा. सभी प्रतिभागियों ने रविवार की शाम ही प्रशिक्षण केंद्र में योगदान कर लिया.
समग्र शिक्षा अभियान के डीपीओ शिवम ने प्रशिक्षण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता या निर्धारित नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
योग और पीटी से होगी दिन की शुरुआत
प्रशिक्षण का दैनिक कार्यक्रम सुबह 5:30 बजे योग और पीटी से शुरू होगा. इसके बाद सुबह 8:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक विभिन्न शैक्षणिक सत्र आयोजित किये जाएंगे. इनमें गतिविधि आधारित शिक्षण, समूह चर्चा, कक्षा संचालन, भाषा एवं गणित शिक्षण तथा विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान शामिल होंगे.
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों से दक्ष बनाना और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है. प्रशिक्षण पूरी तरह आवासीय होने के कारण प्रतिभागियों को आवश्यक व्यक्तिगत सामग्री साथ लाने का निर्देश दिया गया है.
मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर रहेगी रोक
प्रशिक्षण के दौरान व्याख्यान, योग, पीटी और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी. प्रशिक्षण केंद्र में किसी भी गतिविधि की फोटो या वीडियो बनाने की भी अनुमति नहीं होगी. सभी प्रतिभागियों के लिए बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य किया गया है.
ड्रेस कोड का करना होगा पालन
प्रशिक्षण में शामिल पुरुष शिक्षकों को औपचारिक शर्ट-पैंट, टाई और लेदर शू पहनना होगा. वहीं महिला शिक्षिकाओं को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा. योग और पीटी के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए ट्रैक सूट और स्पोर्ट्स शू अनिवार्य रहेगा.
बिना अनुमति नहीं मिलेगा अवकाश
डीपीओ के निर्देश के अनुसार प्रशिक्षण अवधि में बिना अनुमति अवकाश नहीं मिलेगा. केवल आपात स्थिति में ही अवकाश स्वीकृत किया जाएगा. प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान निजी वाहन, परिवार के सदस्यों अथवा अन्य व्यक्तियों के साथ रहने की अनुमति भी नहीं होगी.
रात 10:30 बजे तक हॉस्टल में रहना होगा
प्रशिक्षण केंद्र में रात 10 बजे के बाद आवाजाही पर रोक रहेगी. सभी प्रतिभागियों को रात 10:30 बजे तक हॉस्टल में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा. प्रशिक्षण अवधि में सभी प्रतिभागियों को 24 घंटे ‘ऑन ट्रेनिंग’ माना जाएगा. पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एससीईआरटी के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: सीवान जेल में बंद कैदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
