Gopalganj News: गोपालगंज जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के बालेपुर गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 113 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक सहयोगी मौके से फरार हो गया.
महिला तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
गिरफ्तार महिला की पहचान बालेपुर गांव निवासी स्वर्गीय रामनरेश सिंह की पत्नी प्रतिमा देवी के रूप में हुई है. वहीं, उसका सहयोगी सुरेंद्र सिंह मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि विभाग को बालेपुर गांव में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस दौरान 113 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद की गई तथा एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया.
फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
