गोपालगंज: रोटरी क्लब ऑफ गोपालगंज सिटी का पांचवां इंस्टॉलेशन समारोह शनिवार की देर रात शहर के होटल आरपी ग्रैंड में आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनकेश्वर सिंह ने रोटरी बेल बजाकर की. इसके बाद आरएम पब्लिक स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की.
नये अध्यक्ष और सचिव ने संभाला पदभार
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनकेश्वर सिंह ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रहमत अली को तथा निवर्तमान सचिव डॉ. सुशील कुमार ने नवनिर्वाचित सचिव प्रभुनाथ सिंह को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा.
नयी कार्यकारिणी में अनस सलाम, मोहित गुप्ता, विकास सिंह, संध्या कुमारी, अजित कुमार, अजय सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, रुपम सिंह, शरद कुमार और विकास केडिया को शामिल किया गया. पीडीजी रोटेरियन डॉ. बिंदु सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी.
सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
मुख्य अतिथि पीडीजी रोटेरियन डॉ. बिंदु सिंह, गेस्ट स्पीकर एनडी ओझा और राजेश गोल्ड ने रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार रखे. नयी टीम ने सेवा, सहयोग और जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान
समारोह में सामाजिक सेवा, शिक्षा, रक्तदान, कला और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया. शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए आदमापुर निवासी एवं एमएम उर्दू हाई स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक खुर्शीद आलम को सम्मानित किया गया.
वहीं 74 बार रक्तदान कर चुके पवन कुमार, समाजसेवा के लिए नवीन श्रीवास्तव, देश-विदेश में गायकी के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले गायक निशात और ग्राम पंचायत राज आदमापुर के मुखिया हसन इमाम को भी सम्मानित किया गया.
नये सदस्यों को पिन पहनाकर रोटरी परिवार में किया शामिल
कार्यक्रम में एडीएमओ शाहनवाज खान गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल हुए. नगर परिषद अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. इस दौरान गुफरान सिद्दीकी, पुष्पेंद्र कुमार सिंह, आदित्य कुमार, अनुरंजन कुमार राय और डॉ. राकेश कुमार सिंह समेत नये सदस्यों को पिन पहनाकर रोटरी परिवार में शामिल किया गया.
समारोह में छपरा, सीवान, नरकटियागंज और बेतिया सहित उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से पहुंचे रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी भाग लिया. कार्यक्रम का संयुक्त संचालन डॉ. सुशील कुमार और शाह आलम ने किया.
