Gopalganj News : मीरगंज थाना क्षेत्र के बबनेटी गांव में शनिवार को डीजे बजाने और अश्लील गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर ईंट और लाठी से हमला करने का आरोप लगाया है. घटना में पिता-पुत्र समेत चार लोग घायल हो गये. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
डीजे और गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
घायलों की पहचान बबनेटी गांव निवासी बंशी सिंह के पुत्र रामप्रवेश सिंह, उनके पुत्र शैलेन्द्र कुमार, सुनैना देवी और रूप माला कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, गांव में दोनों पक्षों के बीच पहले से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. शनिवार को डीजे बजाने और अश्लील गाना बजाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गयी.
ईंट और लाठी से हमला करने का आरोप
आरोप है कि कहासुनी के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट और लाठी से हमला कर दिया. इस हमले में चार लोग घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी. परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
कई लोगों पर मारपीट में शामिल होने का आरोप
घायलों ने मारपीट की घटना में रोहित कुमार, धोनी कुमार, पीयूष कुमार, वशिष्ठ सिंह और सतीश कुमार समेत अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर पुलिस से शिकायत किये जाने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और शिकायत में लगाये गये आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है.
