Gopalganj News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर बाबा धनेश्वरनाथ सिंहासिनी धाम में सावन माह की दूसरी शुक्रवारी को आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा. इस पावन अवसर पर करीब 50 हजार शिवभक्तों ने बाबा धनेश्वरनाथ पर जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की.
सुबह से ही आसपास के दस गांवों से श्रद्धालुओं की टोलियां नाचते-गाते, डमरू और ढोल की थाप पर 'बोल बम' व 'जय शिव' के गगनभेदी नारे लगाते हुए धाम पहुँचीं. श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया और अनुशासित तरीके से कतारबद्ध होकर जलाभिषेक किया. पूजा-अर्चना के उपरांत भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया.
वैदिक विधि-विधान से हुआ रुद्राभिषेक
मंदिर के प्रधान पुजारी लालबाबू गिरी, आचार्य राधेश्याम पांडेय उर्फ मुन्ना बाबा, संतोष पाण्डेय व संजय तिवारी ने प्रतिदिन की भांति विशेष रुद्राभिषेक पूजन संपन्न कराया. पुजारियों ने बताया कि सावन मास में बाबा धनेश्वरनाथ पर जलाभिषेक करने से भगवान शिव अत्यंत प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं.
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, प्रशासनिक अधिकारी रहे मुस्तैद
भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. हर संवेदनशील प्वाइंट पर पुलिस पदाधिकारियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी. अंचलाधिकारी (CO) शिवम श्रीवास्तव, अपर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार, महेश पासवान तथा सुप्रिया रानी पटेल पर्याप्त पुलिस बल के साथ लगातार परिसर में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे.
आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में स्थानीय सहयोगियों—राजकिशोर गिरी, प्रेम गिरी, बजरंगी गिरी, दीपक पुरी, त्रिभुवन गिरी, पवन कुमार, रामबाबू गिरी, बालेश्वर गिरी, जयनाथ गिरी, देवेन्द्र गिरी, राजेश गिरी, सुनील गिरी, हरेंद्र गिरी आदि ने पूजा-पाठ, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस-प्रशासन का भरपूर सहयोग किया. प्रशासन की मुस्तैदी से पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.
