saran News : सदर अस्पताल, गोपालगंज की छवि धूमिल करने के आरोप में अस्पताल प्रशासन ने ‘जानकी व्लॉग’ के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत की है. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक शशि रंजन प्रसाद की ओर से 19 सितंबर को साइबर क्राइम थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य सामग्री की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है.
अस्पताल से संबंधित वीडियो प्रसारित करने का आरोप
अस्पताल प्रशासन की ओर से दी गयी शिकायत में कहा गया है कि ‘जानकी व्लॉग’ नाम से यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले व्यक्ति की ओर से सदर अस्पताल से संबंधित विषयों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और फेसबुक के माध्यम से प्रसारित किये जा रहे हैं.
शिकायत के अनुसार, इन वीडियो में अस्पताल और उसके प्रशासन के संबंध में कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है. अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि इस तरह की सामग्री के प्रसारण से आम लोगों के बीच सदर अस्पताल और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भ्रम तथा नकारात्मक धारणा उत्पन्न होने की आशंका है.
सोशल मीडिया सामग्री की निष्पक्ष जांच की मांग
अस्पताल प्रशासन ने साइबर थाना पुलिस से संबंधित वीडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारित अन्य सामग्री की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. शिकायत में कहा गया है कि जांच के दौरान यदि आरोप सही पाये जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधि एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाये.
शिकायत की प्रतिलिपि सिविल सर्जन, पुलिस अधीक्षक और जिला पदाधिकारी को भी भेजी गयी है. अस्पताल प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सोशल मीडिया लिंक और अन्य साक्ष्य जांच एजेंसी को उपलब्ध कराने की बात भी कही है.
